जगाधरी। आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि आम आदमी पार्टी गरीबी और अमीरी में भेद नहीं करती। आम आदमी पार्टी की सभी योजनाएं शिक्षा, चिकित्सा, बिजली, पानी और तीर्थ यात्रा अमीर और गरीब सबके लिए मुफ्त है। पार्टी ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर के सिद्धांतों पर चलकर शिक्षा को प्राथमिकता दी है। गुप्ता जगाधरी के कम्युनिटी सेंटर में कार्यकर्ताओं के साथ बैठक करने के लिए पहुंचे थे।
इस दौरान डॉ. सुशील गुप्ता की मौजूदगी में पूर्व पार्षद राम आसरा भारद्वाज ने इनेलो छोड़कर अपने समर्थकों के साथ आम आदमी पार्ट ने कहा कि आम आदमी पार्टी के कुल बजट का 28 प्रतिशत शिक्षा पर खर्च होता है। 1947 में देश आजाद हुआ था तब भी विकासशील देशों कि श्रेणी में थे और आज भी विकासशील देशों की श्रेणी में हैं। कोठारी कमीशन ने केंद्र सरकार से शिक्षा पर 6 प्रतिशत बजट लगाने की सिफारिश की थी, लेकिन खेद की बात है कि केंद्र सरकार आजादी के 75 साल बाद भी शिक्षा पर 2.7 प्रतिशत बजट लगाती है। ऐसे में देश आगे कैसे बढ़ेगा।
उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी बजट का दूसरा सबसे बड़ा हिस्सा 14 प्रतिशत चिकित्सा पर लगाती है। हर गांव में मोहल्ला क्लीनिक खोले जाते हैं ताकि लोग अपनी प्रारंभिक बीमारी का इलाज समय पर करा सकें। आजादी के 75 साल बाद भी महिलाएं बराबरी का दर्जा प्राप्त नहीं कर सकी। इसलिए आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में महिलाओं के लिए बस यात्रा मुफ्त की। इस मौके पर आप के हरियाणा प्रदेश के सह सचिव रघुबीर सिंह छिंदा, लोकसभा उपाध्यक्ष ललित त्यागी, सुशील जैन, लक्ष्मण विनायक, चिराग सिंगल, राहुल, गगनदीप सिंह, शिव कुमार शास्त्री, रूपेश कुमार, कुलविंद्र राणा और दिलीप कुमार आदि उपस्थित रहे।