यमुनानगर। जगाधरी के एसडीएम एवं नगर निगम जगाधरी के संयुक्त आयुक्त प्रेमचंद ने नगर निगम यमुनानगर-जगाधरी के वार्ड नंबर सात में स्थित अर्जुन नगर कालोनी मेें डोर टू डोर कूड़ा उठाने की योजना का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों ने गलियों में झाडू लगाकर लोगों को सफाई के प्रति जागरूक भी किया।
एसडीएम ने कहा कि यदि हम अपने आसपास के क्षेत्रों में योजनाबद्ध तरीके से सफाई करते रहेंगे तो यह हमारे समाज के लिए ठीक रहेगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे अपने घरों का कूड़ा जगह-जगह पर न डालें और पोलीथीन का प्रयोग न करें। सभी लोगों को अपने घरों में गलनशील व अगलनशील कूड़ा-कर्कट के लिए अलग-अलग डस्टबीन रखने चाहिए। जब नगर निगम द्वारा नियुक्त किया गया कूडा कर्कट इकटठा करने वाला व्यक्ति आए तो उसकी रेहड़ी में यह कूडा कर्कट डाल दें। इस अवसर पर सीनियर डिप्टी मेयर पवन बिट्टू, पार्षद कुसुम त्यागी, जेटीओ नंद लाल बंसल, मुख्य सफाई निरीक्षक अनिल नैन सहित अन्य विभागों के अधिकारी व वार्ड नंबर सात व अर्जुन नगर कालोनी के गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित थे।
सफाई को लेकर शिकायत है तो करें फोन
नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी विजय पाल यादव ने कहा कि यदि किसी व्यक्ति को सफाई के बारे में कोई शिकायत है तो वार्ड नंबर एक से सात तक के लोग सफाई सुपरवाइजर के मोबाइल नंबर-7027796401 से 407 पर संपर्क कर सफाई करवाने के बारे में सूचना दे सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे पॉलीथिन का प्रयोग न करें और कहा कि सबसे पहले अपने घर से सफाई की शुरूआत करें।