संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर में वायु प्रदूषण का स्तर एक बार फिर बढ़ने लगा है। शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) वीरवार को 253 दर्ज किया गया। इसके साथ ही हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में पहुंच गई है।
शहर में जगह-जगह खुलेआम कूड़ा जलाया जा रहा है। वहीं, सड़कों के किनारे जमा धूल भी प्रदूषण बढ़ाने का बड़ा कारण बन रही है। इसके बावजूद प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए प्रभावी कदम नजर नहीं आ रहे हैं। नवंबर की शुरुआत से ही शहर की हवा की गुणवत्ता लगातार खराब बनी हुई है।
नौ नवंबर के बाद 16 से 18 नवंबर के बीच ही प्रदूषण से कुछ राहत मिली थी। इन तीन दिनों में एक्यूआई क्रमश: 147, 160 और 155 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया था।
इसके अलावा अन्य दिनों में एक्यूआई 200 के पार ही बना हुआ है। अब एक बार फिर इसका स्तर 253 तक पहुंचने से लोगों की चिंता बढ़ गई है। शहर के विभिन्न इलाकों में खाली प्लॉटों, सड़कों के किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा जलाया जा रहा है।
इससे निकलने वाला धुआं वातावरण में प्रदूषण बढ़ा रहा है। इसके अलावा सड़कों के किनारे लंबे समय से जमा धूल वाहनों की आवाजाही के दौरान हवा में फैल रही है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी प्रदीप सिंह ने मुताबिक कूड़ा जलाने वालों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई की जाती है।
प्रदूषण से स्वास्थ्य पर पड़ता विपरीत असर : डॉ. दिव्या
कार्यवाहक सिविल सर्जन डॉ. दिव्या मंगला ने बताया कि वायु प्रदूषण बढ़ने से स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है। प्रदूषित हवा में मौजूद सूक्ष्म कण सांस के माध्यम से शरीर में पहुंचकर परेशानी पैदा कर सकते हैं। इससे सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है। उन्होंने लोगों को अनावश्यक रूप से धूल और धुएं के संपर्क में आने से बचने की सलाह दी।