संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा एसटीएफ अंबाला यूनिट ने यमुनानगर के कार सेल-परचेज व्यवसायी की हत्या की साजिश रचने के मामले में कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर सचिन की पत्नी को गिरफ्तार किया है।
विदेश से भारत लौटते ही उसे दिल्ली एयरपोर्ट से हिरासत में लिया गया और कोर्ट में पेश कर पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया। एसटीएफ के अनुसार ममता रानी करनाल के इंद्री क्षेत्र के गांव धनौरा की रहने वाली है।
जांच में सामने आया कि वह गैंग को फंडिंग और लॉजिस्टिक सपोर्ट उपलब्ध कराने के साथ उसकी गतिविधियों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभा रही थी। मामला दर्ज होने के बाद वह विदेश चली गई थी, लेकिन तकनीकी और खुफिया सूचनाओं के आधार पर उसकी निगरानी की जा रही थी।
थाना छप्पर पुलिस ने 15 मार्च को यमुनानगर में चार आरोपियों राहुल, विशाल सैनी, विनोद और शुभम को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि वे एक कार सेल-परचेज व्यवसायी की हत्या की साजिश रच रहे थे। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध पिस्टल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और वारदात में इस्तेमाल की जाने वाली दो बाइक बरामद की थीं।
पुलिस का दावा है कि गैंगस्टर सचिन रूस में रहकर गिरोह का संचालन कर रहा है और उसी के निर्देश पर हत्या की योजना बनाई गई थी। ममता रानी की गिरफ्तारी से वित्तीय नेटवर्क, स्थानीय सहयोगियों और विदेश से संचालित आपराधिक तंत्र से जुड़े खुलासे हो सकते हैं।