यमुनानगर। ऑटो एजेंसी में साथ काम करते हुए एक युवक ने युवती को अपने प्रेम जाल में फंसा लिया। शादी का झांसा देकर आरोपी ने युवती को तीन माह तक अपने साथ रखकर दुष्कर्म किया और अप्राकृतिक संबंध बनाए। गर्भवती होने पर जब युवती आरोपी के घर गई तो उसे पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। युवती के विरोध जताने पर आरोपी व उसके परिजनों ने उसे जातिसूचक शब्द बोलकर अपमानित किया। आरोपियों ने उसे मारपीट कर जान से मारने की धमकी दी। इसकी शिकायत पुलिस को दी गई। पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
छप्पर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी 22 वर्षीय युवती ने महिला पुलिस थाने में दी शिकायत में बताया कि साल 2019 में वह एक ऑटो एजेंसी में काम करती थी। जहां उसकी मुलाकात मलिकपुर बांगर निवासी अंकुर धीमान के साथ हुई। आरोपी अंकुर भी एजेंसी में काम करता था। इस दौरान उसकी अंकुर धीमान के साथ दोस्ती थी। आरोपी ने उसे अपने प्रेम जाल में फंसा लिया और शादी का झांसा देकर उससे मिलने लगा। आरोप है कि इस दौरान आरोपी ने उसके साथ संबंध बनाए। साल 2021 में आरोपी उसे जगाधरी के अंसल टाउन में लेकर आया। आरोपी ने उसे शादी करने की बात कहकर उसने तीन माह तक अपने साथ रखा। इस दौरान आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया और अप्राकृतिक संबंध बनाए। इसी बीच वह गर्भवती हो गई।
गर्भवती होने पर वह आरोपी के घर गई। जहां उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है। जब उसने आरोपी की पत्नी व परिवार वालों से बातचीत की तो उन्होंने उसके साथ मारपीट की और जातिसूचक शब्द बोलकर अपमानित किया। आरोपियों ने उसे धक्के मारकर घर से निकाल दिया। इसके बाद वह बिलासपुर गई। जहां आरोपी ने उसे एक कमरे में रखा और उसके साथ जबरन अप्राकृतिक संबंध बनाए। इससे उसकी तबीयत खराब हो गई। जब उसने आरोपी से शादी करने की बात कही तो आरोपी ने उससे मारपीट की और जातिसूचक शब्द बोले। उसने इसकी शिकायत पुलिस को दी। महिला थाना प्रभारी शीलावंती का कहना है कि आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म व एससीएसटी एक्ट में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।