संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जमीन खरीद-फरोख्त के सौदे में एक करोड़ रुपये की धोखाधड़ी और जान से मारने की धमकी देने के आरोप में सदर जगाधरी थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कार्यालय में दी गई शिकायत और आर्थिक अपराध शाखा की जांच के बाद की गई।
जगाधरी के खेडा फार्म निवासी दलेर कौर व अन्य ने शिकायत में बताया कि फरवरी 2024 में आरोपियों ने करनाल के लालचयाणी स्थित उनकी करीब 12 कनाल 5 मरला कृषि भूमि खरीदने का सौदा एक करोड़ रुपये प्रति एकड़ के हिसाब से किया था। आरोपियों ने पहले 50 हजार रुपये टोकन राशि और बाद में 19 लाख रुपये के चेक दिए।
दोनों पक्षों के बीच 16 फरवरी 2024 को इकरारनामा हुआ और 30 अगस्त 2024 को रजिस्ट्री की तारीख तय की गई, लेकिन आरोपी उस दिन नहीं पहुंचे। शिकायत के अनुसार बाद में आरोपियों ने जमीन की रजिस्ट्री कलेक्टर रेट पर कराने के लिए यह कहकर सहमति ले ली कि शेष राशि एक सप्ताह में नकद दे देंगे।
15 अक्तूबर 2024 को रजिस्ट्री होने के बाद आरोपियों ने केवल करीब 34.28 लाख रुपये का भुगतान किया, जबकि लगभग 99.83 लाख रुपये बकाया रख लिए। शिकायतकर्ताओं का आरोप है कि डेढ़ वर्ष तक आरोपी भुगतान का झांसा देते रहे और बाद में पैसे देने से इनकार कर जान से मारने व अपहरण की धमकी भी दी।
आर्थिक अपराध शाखा की जांच में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का मामला पाए जाने पर सदर जगाधरी थाना पुलिस ने करनाल के सेक्टर पांच निवासी प्रवीन कुमार व मोनिका के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस मामले के सभी दस्तावेजों और भुगतान संबंधी रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।