संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जैविक खाद बनाने के नाम पर निवेश कराने का झांसा देकर एक युवक ने ढाई लाख रुपये की ठगी करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की शिकायत पर सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव अकालगढ़ निवासी असलम ने शिकायत में बताया कि मोहम्मद इकराम ने उसे सहारनपुर के गांव मंजीपुर स्थित स्टेप फार्मिंग प्राइवेट लिमिटेड के माध्यम से जैविक खाद बनाने का कारोबार शुरू कराने का भरोसा दिलाया। आरोपी ने बेहतर मुनाफे का लालच देकर अलग-अलग समय पर उससे रुपये लिए।
आरोप है कि एक अगस्त 2024 से आठ जून 2026 के बीच आरोपी ने उससे कुल 2.50 लाख रुपये ऐंठ लिए। पीड़ित का कहना है कि रुपये लेने के बाद भी न तो वादा पूरा किया गया और न ही उसकी रकम लौटाई गई। काफी समय तक आरोपी टालमटोल करता रहा। जब उन्हें अपनी रकम वापस मिलने की उम्मीद खत्म होती दिखी तो उसने पुलिस से शिकायत की।
जांच के बाद सदर थाना पुलिस ने आरोपी मोहम्मद इकराम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों सहित अन्य साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।