संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। थाना सदर जगाधरी क्षेत्र में सरकारी नौकरी लगवाने का झांसा देकर 1.90 लाख रुपये की ठग लिए गए। शिकायत मिलने पर पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस आरोपियों के बैंक खातों से लेनदेन की जांच शुरू कर दी है।
गांव भटौली निवासी सुरेन्द्र कुमार ने पुलिस अधीक्षक को दी शिकायत में बताया कि उसके भाई की चाय की दुकान पर आने वाले प्रवीण अग्रवाल ने खुद को पंजाब नेशनल बैंक चंडीगढ़ में अधिकारी बताते हुए कई लोगों की सरकारी नौकरी लगवाने का दावा किया।
आरोपी ने उनकी बेटी नितिका को बैंक में चपरासी के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर मार्च 2025 से किस्तों में 1.90 लाख रुपये ले लिए और मई 2025 तक नियुक्ति कराने का वादा किया। कई महीने बीतने के बाद भी नौकरी नहीं लगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करता रहा। दिसंबर 2025 में रुपये वापस मांगने पर आरोपी ने पहले 1.85 लाख रुपये का चेक दिया, जिसे बाद में बदलकर दो अन्य चेक दिए गए।
शिकायतकर्ता के अनुसार बैंक में चेक लगाने पर खाते में पर्याप्त राशि नहीं मिली। आरोप है कि विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए अपने बेटों के जरिए जान से मरवा देने की धमकी दी। इसके बाद पुलिस को आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी गई। डीएसपी पूजा ने बताया कि शिकायत की प्रारंभिक जांच के बाद प्रवीण अग्रवाल, रितेश और सक्षम अग्रवाल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। जांच में तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।