संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सावनपुरी निवासी कारोबारी से रायपुर स्थित लैमिनेट फैक्टरी में हिस्सेदार बनाने का झांसा देकर 1.42 करोड़ रुपये की ठगी कर ली गई। आरोप सेक्टर-17 निवासी प्रवीण कुमार और उसकी पत्नी पर लगा है। सेक्टर-17 थाना पुलिस ने संजीव मित्तल की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में सावनपुरी निवासी संजीव मित्तल ने बताया कि प्रवीण कुमार के साथ उसके लंबे समय से व्यापारिक संबंध हैं। इसी विश्वास के चलते वह उसकी बातों में आ गया। संजीव के अनुसार, वर्ष 2024 में प्रवीण उसके घर आया और रायपुर, छत्तीसगढ़ में मैसर्स बालाजी पैनल्स के नाम से चल रही लैमिनेट फैक्टरी के बारे में बताया।
आरोप है कि प्रवीण ने संजीव को बताया कि उसने फैक्टरी खरीद रखी है। फैक्टरी में लैमिनेट बनाने की मशीनरी, शेड और अन्य सामान मौजूद होने की बात कही। इसके बाद वह संजीव को अपने साथ रायपुर ले गया और फैक्टरी दिखाई। वहां आरोपी ने जमीन, मशीनरी और अन्य संपत्तियों को अपनी बताते हुए संजीव का विश्वास जीत लिया।
शिकायत के अनुसार रायपुर में फैक्टरी देखने के बाद प्रवीण ने संजीव को उसमें हिस्सेदार बनाने का प्रस्ताव दिया। उसने कहा कि फैक्टरी को चलाने और कारोबार बढ़ाने के लिए पूंजी की जरूरत है। उसकी बातों पर विश्वास करते हुए संजीव ने आरोपी की फर्म में कुल 1.42 करोड़ रुपये जमा कर दिए।
आरोप है कि इसके बदले प्रवीण ने संजीव को फैक्टरी में हिस्सेदार बनाने का भरोसा दिया और दोनों के बीच लिखित इकरारनामा भी कराया गया। इसके बावजूद काफी समय बीतने के बाद भी उसे हिस्सेदार नहीं बनाया गया। बार-बार पूछने पर भी आरोपी की ओर से संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
पुलिस प्रवक्ता चमकौर सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस अब रुपये के लेनदेन, फैक्टरी से संबंधित दस्तावेजों की जांच कर रही है। आरोपों की पुष्टि के लिए पुलिस दोनों पक्षों से पूछताछ करेगी।