संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। चूना भट्टी इलाके की रहने वाली छात्रा को यूके (यूनाइटेड किंगडम) का वर्क वीजा दिलाने के नाम पर 13 लाख रुपये ठग लिए गिए। शहर यमुनानगर थाना पुलिस ने अंबाला स्थित उड़ान कंसल्टेंसी के संचालक दंपती समेत चार लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में पलक ने बताया कि वह एमबीए की पढ़ाई कर रही है और उच्च शिक्षा व रोजगार के लिए यूके जाना चाहती थी। उसकी रिश्ते में मौसी लगने वाली कीर्ति ने ने बताया कि वह और उसका पति बलराम अंबाला में उड़ान कंसल्टेंसी नाम से विदेश भेजने का काम करते हैं। आरोपियों ने झांसा दिया कि वे उसका यूके का वर्क वीजा लगवा देंगे, जिस पर कुल 22 लाख रुपये का खर्च आएगा।
रिश्तेदारों पर भरोसा करके अपने सभी जरूरी दस्तावेज उन्हें सौंप दिए। आरोप है कि इसके बाद आरोपियों ने अलग-अलग किस्तों में पलक से कुल 13 लाख रुपये ले लिए। इस प्रक्रिया के दौरान पलक का असली पासपोर्ट भी गुम हो गया, जिसके बाद उसने दोबारा नया पासपोर्ट बनवाया। कुछ समय बाद आरोपियों ने उसे यूके का वीजा और हवाई टिकट सौंप दी।
बीती सात जून को वह फ्लाइट पकड़ने के लिए दिल्ली एयरपोर्ट पहुंची। एयरपोर्ट पर कस्टम अधिकारियों ने जब उसके दस्तावेजों की जांच की तो उसका यूके वीजा फर्जी पाया गया। अधिकारियों ने उसे यात्रा करने से रोक दिया और करीब छह घंटे तक पूछताछ के लिए एयरपोर्ट पर ही बैठाए रखा।
एयरपोर्ट से ही आरोपी बलराम और कीर्ति से संपर्क करने की कोशिश की तो उन्होंने अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। पलक का आरोप है कि इस पूरी साजिश में चूना भट्टी बागड़ी मोहल्ला निवासी उज्ज्वल और तनु भी शामिल थे। पुलिस प्रवक्ता का कहना है कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।