संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शहर के तीर्थ नगर टपरी निवासी एक व्यक्ति से जान-पहचान का फायदा उठाकर 3.62 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। सदर यमुनानगर थाना पुलिस ने आरोपी सोनू कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी के आरोप में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
गोविंद चौहान ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसकी जान-पहचान जिला करनाल के गांव सातड़ी निवासी सोनू कुमार के साथ थी। इसी परिचय का फायदा उठाते हुए आरोपी ने उसे अपनी बातों में उलझा लिया। जून 2025 से अगस्त 2025 के बीच आरोपी ने अलग-अलग बहानों से उससे कुल 3 लाख 62 हजार रुपये ले लिए।
गोविंद के अनुसार जब उसने आरोपी से अपनी रकम वापस मांगी तो वह टालमटोल करता रहा और कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। काफी समय तक इंतजार करने के बाद भी पैसे वापस नहीं मिले, जिससे परेशान होकर उसने पुलिस में शिकायत दी। जांच अधिकारी लखविंद्र मसीह ने बताया कि मामले की विवेचना की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।