यमुनानगर। वर्ष 2025 की शुरुआत मुकंद लाल जिला नागरिक अस्पताल के लिए कुछ हद तक अच्छी रही है। वह इसलिए क्योंकि तीन साल के बाद जिला नागरिक अस्पताल को फिजिशियन मिला है। डॉ. आईएनएल कुमार ने अस्पताल में फिजिशियन का कार्यभार संभालते ही ओपीडी में मरीजों को देखना भी शुरू कर दिया। पहले ही दिन वीरवार को फिजिशियन से चेकअप कराने के लिए उनके केबिन के बाहर मरीजों का धक्का लग गया। जिले में फिजिशियन के आने से मरीजों को बड़ी राहत मिली है।
काफी समय से किए जा रहे थे प्रयास : स्वास्थ्य विभाग की तरफ से काफी समय से फिजिशियन के लिए प्रयास किये जा रहे थे। 105 करोड़ रुपये से जिला नागरिक अस्पताल का 200 बेड का पांच मंजिला अस्पताल तो बन गया था, लेकिन फिजिशियन का पद खाली होने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। 31 मार्च 2022 से अस्पताल में फिजिशियन का पद खाली पड़ा था। तब अनुबंध आधार पर फिजिशियन डॉ. नितिन गुप्ता अस्पताल में कार्यरत थे। परंतु, उनका अनुबंध दोबारा न होने से यह पद खाली पड़ा था। इससे मरीजों की परेशानी बढ़ गई थी।
रोजाना 300 से अधिक मरीजों की ओपीडी : उल्लेखनीय है जिला नागरिक अस्पताल में रोजाना फिजिशियन से चेकअप के लिए 300 से अधिक मरीजों की ओपीडी होती है। अब तक जिन मरीजों का चेकअप फिजिशियन को करना चाहिए था उनको अस्पताल के डॉक्टर एमडी डॉ. सचिन शर्मा देख रहे थे। परंतु मरीजों की संख्या ज्यादा होने के चलते इसलिए सब डिवीजन अस्पताल जगाधरी से डॉ. पृथ्वी सिंह को जिला नागरिक अस्पताल में लगाया गया था, जबकि ओपीडी में मरीजों के चेकअप के लिए अस्पताल में कम से कम दो एमडी फिजिशियन की जरूरत है।
अमर उजाला ने उठाया था मामला : जिला नागरिक अस्पताल में फिजिशियन न होने से मरीजों को हो रही परेशानी का मामला अमर उजाला ने कई बार उठाया, उसके बाद मरीजों को हो रही दिक्कत को प्रमुखता से उजागर किया गया था। यहां तक की फिजिशियन न होने से अस्पताल का आईसीयू तक बंद है। इतना ही नहीं फिजिशियन के न होने से लोगों को मेडिकल के लिए अंबाला व कुरुक्षेत्र की दौड़ लगानी पड़ रही थी। अब फिजिशियन के आने से मरीजों को बड़ी राहत मिली है।