संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कृषि क्रेडिट कार्ड के लोन की रकम का सेटलमेंट कराने के नाम पर 10 किसानों से 10.79 लाख रुपये ठग लिए गए। आरोप पंजाब नेशनल बैंक शाखा रणजीतपुर में आउटसोर्स पर कार्य कर रहे रिकवरी एजेंट आजादनगर काॅलोनी निवासी रोहण, संगीता व राजेश पर लगा है। बिलासपुर थाना पुलिस नेतीनों आरोपियों पर धोखाधड़ी व अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
क्षेत्र के पानीवाला गांव निवासी मलखान, लाल सिंह, सीता देवी, शकीला, असरी, सवाबड़ी गांव निवासी वाजिद हसन, भांगवाली गांव निवासी कर्ण, अलीशेरपुर माजरा गांव निवासी लच्छमी चंद व रामपुर गेंडा निवासी सिंग राम व दयालो ने बताया कि उनका पंजाब नेशनल बैंक शाखा रणजीतपुर में खाता है। वहीं उत्तमवाला निवासी बलविंद्र कुमार का खाता सर्व हरियाणा ग्रामीण बैंक रसूलपुर में खाता है, जो पंजाब नेशनल बैंक का ही उपक्रम है।
उन सभी ने खेती की जमीन पर बैंक से कृषि क्रेडिट कार्ड बनवाया हुआ है। वे बैंक से लिए गए कृषि क्रेडिट कार्ड की रकम को समय पर नहीं चुका सके। अप्रैल 2023 आजादनगर निवासी रोहण नंदा, संगीता व राजेश उनके घर पर आए और कहने लगे कि वह बैंक की ओर से सेटलमेंट अधिकारी हैं। बैंक में योजना आई हुई है। जिसके तहत लोन की रकम बिना ब्याज सहित अदा कर सकते हो। लिमिट की क्लीयरेंस कराने की भी आरोपियों ने पूरी जिम्मेदारी ली।
साथ ही कहा कि उनके बैंक में अधिकारियों के साथ अच्छे संबंध हैं। यदि लोन का सेटलमेंट नहीं कराया तो बैंक जमीन की कुर्की कर वसूली कर लेगा। वह उनकी बातों में आ गए। आरोपियों ने उन्हें पंजाब नेशनल बैंक में बुलाया। जहां बैंक मैनेजर से उनकी बात कराई। जिसके बाद आरोपियों ने लिमिट का भुगतान कराने के लिए प्रति लिमिट 30 हजार रुपये मांगे। इस तरह से आरोपियों ने उनसे लोन लिमिट का सेटलमेंट कराने के नाम पर उनसे 10.79 रुपये ले लिए।
बाद में न तो उनके लोन का सेटलमेंट कराया गया और न ही उन्हें एनओसी दी गई। जब इस बारे में उन्होंने आरोपियों से बात की तो वे धमकी देने लगे। परेशान होकर उन्होंने इसकी पुलिस को शिकायत दी। थाना प्रभारी राय सिंह का कहना है कि केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच करने के साथ आरोपियों की तलाश की जा रही है।