इंग्लैंड भेजने के नाम पर जगाधरी वर्कशॉप की अन्नू के साथ 20 लाख रुपये की ठगी हो गई। आरोप वीना नगर के दिलबाग सिंह और उसके बेटे गुरप्रीत व हरप्रीत पर लगा है। युवती के पिता बलबीर ने थाना फर्कपुर में इसकी शिकायत दी। पुलिस ने पिता और दोनों बेटों पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर तफ्तीश आरंभ कर दी है।
पुलिस को दी शिकायत में बलबीर सिंह ने बताया कि दिलबाग सिंह का बेटा हरप्रीत इंग्लैंड में ही रहता है और वहीं का ही वर्क वीजा लगवाने की बात कही थी। आरोपी हरप्रीत के कहे अनुसार वह अपनी बेटी अन्नु को लेकर दिल्ली एयरपोर्ट पर पहुंच गया। हरप्रीत ने आश्वासन दिया था यहां उनका आदमी अन्नू को लेकर जाएगा। वहीं पर वर्क वीजा व पासपोर्ट मिल जाएगा। इसके बाद आरोपी से बात की तो उसने फ्लाइट कैंसिल होने की बात कही।
इस पर वह अपनी बेटी के साथ दिल्ली में ही होटल में कमरा लेकर रूका। दो दिन इंतजार करने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला तो हरप्रीत ने उन्हें फोन कर वापस भेज दिया और दोबारा पांच दिन बाद नई टिकट बनवाने की बात कही। न तो उनका वर्क वीजा लगा और न ही पासपोर्ट मिला। शिकायतकर्ता बलबीर सिंह के मुताबिक वे पहले आरोपी दिलबाग सिंह के मकान में किराए पर रहते थे। बाद में उन्होंने उनका मकान छोड़ दिया था।
इसके बाद भी बातचीत होती रहती थी। उसने अपनी बेटी को विदेश भेजने की बात का जिक्र दिलबाग सिंह पर जिक्र किया। इस पर आरोपी ने कहा कि उसका बेटा विदेश भेज देगा, किंतु 30 लाख रुपये का खर्च आ सकता है। इस पर बलबीर सिंह ने अपने परिवार और बेटी से बातचीत की और वे तैयार हो गए। बलबीर ने बताया कि उसने पहले नौ लाख रुपए हरप्रीत के खाते में डाल दिए और 11 लाख रुपये दिलबाग व गुरप्रीत को दिए। 18 सितंबर 2021 को उनकी बेटी के पास फ्लाइट की टिकट भेजी गई। आरोपियों ने उनसे रकम भी ले ली और बेटी को विदेश भी नहीं भेजे। जब उसने आरोपियों से अपने पैैसे मांगे तो टाल मटोल करना शुरू कर दिया। जब रकम नहीं मिली तो उसने पुलिस में इसकी शिकायत दी।