संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। सोशल मीडिया पर लिंक भेजकर साइबर ठगों ने मुकारमपुर निवासी तुषार को रुपये दोगुना होने का लालच देकर उससे 14200 रुपये ठग लिए। साइबर क्राइम थाना पुलिस ने अज्ञात पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुकारमपुर निवासी तुषार ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 11 सितंबर 2023 को उनके इंस्टाग्राम पर ट्रेंडिंग पेज स्टोरी के नाम से लिंक आया। इस लिंक पर रिप्लाई किया तो उधर से जवाब आया कि यदि वह 500 रुपये लगाते हैं तो वह उसे दोगुना होकर मिलेंगे। इसके बाद वह उनकी बातों में आ गया। आरोपियों ने उसे रुपये निवेश करने के लिए क्यू आर कोड भेजा। उनकी बातों में आकर उसने गूगल पे के माध्यम से क्यू आर कोड स्कैन कर उस पर 500 रुपये भेज दिए। यह रुपये दोगुना हो गए।
बाद में ठगों ने उसे और अधिक रुपये लगाने को कहा। उसने लालच में आकर आरोपियों द्वारा भेजे क्यू आर कोड पर 14 हजार 200 रुपये जमा कराए, लेकिन यह रुपये दोगुना होकर वापस नहीं हुए। न ही उसकी मूल राशि वापस हुई। इस उसने इसकी शिकायत साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी। साइबर क्राइम थाना प्रभारी रविकांत का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।