शहर जगाधरी पुलिस ने जयकारा एंटरप्राइजेज गोदाम को सील करने के बाद गोदाम संचालक पर धोखाधड़ी का केस दर्ज कर लिया है। शुक्रवार रात सीएम फ्लाइंग की टीम ने पुराना सहारनपुर रोड स्थित इस गोदाम में छापेमारी कर 556 बैग कृषि योग्य यूरिया के पकड़े थे। इसके बाद उसे सील कर दिया गया था। छापेमारी के दौरान कृषि विभाग की टीम को मौके पर बुलाया गया। जांच में सामने आया कि यह अवैध यूरिया है। जिसे फैक्ट्रियों में सप्लाई किया जाता है। कृषि विभाग के रिकॉर्ड में यह गोदाम जयकारा एंटरप्राइजेज के नाम पर है। जिसकी संचालक साढौरा निवासी दिव्या जैन है। विभाग के विषय विशेषज्ञ हरीश पांडे ने टीम के साथ पहुंच कर कृषि योग्य यूरिया के सैंपल लिए। जो बैग बरामद हुए वह कृभको कंपनी के हैं। पुलिस ने इस मामले में गोदाम संचालक दिव्या जैन के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।