यमुनानगर। जगाधरी पावंटा साहिब नेशनल हाईवे 73ए पर मलिकपुर खादर के पास ट्रॉले की टक्कर लगने से बाइक सवार चार साल की बच्ची की मौत हो गई। जबकि उसके माता, पिता और दो बहनें घायल हो गई। हादसे के समय परिवार सदस्य बाइक पर सवार होकर बलौली गांव से प्रतापनगर जा रहे थे। पुलिस ने बच्ची के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के हवाले कर दिया। मामले में आरोपी ट्रॉला चालक पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।
बलौली निवासी सुदेश कुमार ने बताया कि वह दर्जी का काम करता है। उसका साढू बलौली निवासी मानसिंह बुधवार को अपने निजी काम से बाइक पर प्रतापनगर जा रहा था। उसके साथ उसकी पत्नी सीमा, बेटी आस्था, चार साल की बेटी स्मृति व उनकी भतीजी श्वेता भी थी। देर शाम करीब पौने आठ बजे जब वह गांव मलिकपुर खादर के पास पहुंचा तो सामने से तेज गति से आ रहे ट्राले ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसका साढू व परिवार सदस्य सड़क पर गिर गए। हादसे में बाइक सवार मानसिंह, उसकी पत्नी सीमा, आस्था व भतीजी स्वेता को चोटें आई। जबकि मानसिंह की चार साल की बेटी स्मृति की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। आसपास के लोगों की मदद से उसने अपने साढू व अन्य घायलों को अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने मानसिंह की दूसरी बेटी आस्था की हालत गंभीर होने पर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। जबकि अन्य घायलों को अस्पताल में उपचार दिया जा रहा है। पुलिस ने मामले में आरोपी ट्रॉला चालक के खिलाफ केस दर्ज कर मृतक बच्ची का पोस्टमार्टम करवाया। पुलिस आरोपी चालक की तलाश कर रही है।