यमुनानगर। 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले व्यक्ति व 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों ने घर से मतदान किया। यह मतदान 18 व 19 मई को हुआ। जिला चुनाव कार्यालय के मुताबिक यमुनानगर, जगाधरी, रादौर व साढौरा चारों विधानसभाओं में 175 ने घर से मतदान करने के लिए फार्म 12डी भरा था। लेकिन इसमें खास बात ये रही 175 में से 167 ने मतदान किया, जबकि चार की मौत हो चुकी और अन्य चार ऐसे रहे जिनका कुछ पता नहीं। बता दें लोकसभा चुनाव में पहली बार 40 प्रतिशत दिव्यांगता वाले व्यक्ति व 85 वर्ष से अधिक आयु वालों को घर से ही मतदान करने की वैकल्पिक सुविधा प्रदान की गई है।
जिला चुनाव कार्यालय के नायब तहसीलदार गुलशन शर्मा ने बताया कि 40 प्रतिशत दिव्यांग व्यक्ति व 85 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्ग को घर से मतदान करने के लिए फार्म 12 डी भरकर अधिसूचना जारी की गई थी। पांच दिनों के भीतर संबंधित रिटर्निंग अधिकारी को आवेदन करना था। दिव्यांग मतदाताओं को दिव्यांगता प्रमाण पत्र की एक प्रति जमा करवाई गई थी। उसके बाद बीएलओ मतदाताओं के घर से फार्म-12 डी प्राप्त किए गए। मतदाताओं को उनके दौरे के बारे में पहले से ही सूचित कर दिया गया था। मतदान अधिकारियों के साथ एक वीडियोग्राफर और पुलिस सुरक्षा घेरे के साथ हुआ।