संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। भारतीय जनता पार्टी की नई प्रदेश कार्यकारिणी में यमुनानगर जिले को मजबूत प्रतिनिधित्व मिला है। पार्टी नेतृत्व ने जिले से चार नेताओं को अहम संगठनात्मक जिम्मेदारियां सौंपकर जिले की राजनीतिक अहमियत को और बढ़ाया है।
नगर निगम के पूर्व मेयर एवं ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष मदन चौहान को प्रदेश सचिव नियुक्त किया गया है। वहीं रामेश्वर चौहान को प्रदेश सह कार्यालय मंत्री, आदित्य चावला को प्रदेश आईटी संयोजक और रिचा पाहवा को प्रदेश महिला मोर्चा अध्यक्ष बनाया गया है।
इन नियुक्तियों से जिले के भाजपा कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। पूर्व मेयर मदन चौहान लंबे समय से संगठन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। ओबीसी मोर्चा के प्रदेशाध्यक्ष के रूप में कार्य कर चुके मदन चौहान पहले भी संगठन में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके हैं।
केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल के करीबी होने के कारण मदन चौहान को प्रदेश सचिव की जिम्मेदारी मिली। उनके कार्यालय में समर्थकों ने उन्हें फूल-मालाएं पहनाकर तथा मिठाई खिलाकर शुभकामनाएं दीं।
रामेश्वर चौहान को प्रदेश सह कार्यालय मंत्री बनाया गया है। उन्हें संगठन का अनुभवी और भरोसेमंद कार्यकर्ता माना जाता है। वह विधानसभा और लोकसभा चुनावों में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। पार्टी ने डिजिटल संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से आदित्य चावला को प्रदेश आईटी संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी है।
वह लंबे समय से भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ से जुड़े रहे हैं और डिजिटल गतिविधियों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। वह चैंबर ऑफ कॉमर्स से भी जुड़े हैं।
रिचा पाहवा को प्रदेश महिला मोर्चा की कमान सौंपी गई है। मूल रूप से अंबाला की रहने वाली रिचा पाहवा पिछले विधानसभा चुनाव में यमुनानगर सीट से टिकट की दावेदार थीं।
वर्तमान में वह महिला मोर्चा की प्रदेश महामंत्री थीं और संगठन में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि चार नेताओं को प्रदेश कार्यकारिणी में स्थान मिलने से संगठन में यमुनानगर जिले की भागीदारी और प्रभाव दोनों मजबूत होंगे। साथ ही आगामी राजनीतिक और संगठनात्मक गतिविधियों में जिले की भूमिका भी पहले से अधिक महत्वपूर्ण रहने की उम्मीद है।
मदन चौहान।
मदन चौहान।
मदन चौहान।