संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा प्रतापनगर में मिठाई की दुकानों में घरेलू सिलिंडर के उपयोग पर दबिश दी गई। इससे मिष्ठान भंडार की दुकानों पर खलबली मच गई। संचालक प्रयोग होने वाले घरेलू सिलिंडरों को छिपाकर कामर्शियल सिलिंडर से उपयोग करना शुरू कर दिया। इस दौरान खाद्य आपूर्ति विभाग ने दो दुकानों से चार घरेलू सिलिंडर जब्त किए।
खाद्य आपूर्ति विभाग प्रताप नगर के निरीक्षक मनोज कुमार यादव ने बताया कि आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत प्रतापनगर में घरेलू सिलिंडर के व्यावसायिक प्रयोग को लेकर ये अभियान चलाया गया। इस दौरान दो दुकानों से चार घरेलू सिलिंडर जब्त किए गए।
खाद्य पूर्ति विभाग के निरीक्षक ने बताया कि विभाग की यह कार्रवाई आगामी भविष्य में भी जारी रहेगी। यदि कोई मिष्ठान भंडार आदि या फिर अन्य जगह पर व्यावसायिक सिलिंडर की जगह घरेलू सिलिंडर का इस्तेमाल करता हुआ पाया गया तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।