यमुनानगर। वेश्यावृत्ति करवाने के आरोप में अर्जुन नगर पुलिस चौकी ने चार युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि तीन वर्षीय बच्ची को बंधक बनाकर आरोपी उसकी मां से वेश्यावृत्ति करवा रहे थे। महिला ने जब इसकी शिकायत पुलिस को दी तो दबिश देकर चारों आरोपियों को काबू कर बच्ची को सकुशल बरामद किया गया। धरे गए चारों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद दो को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया, जबकि दो अन्य को दो दिन के रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ कर रही है।
अर्जुन नगर चौकी इंचार्ज संदीप कुमार ने बताया कि एक महिला ने उन्हें शिकायत दी थी कि मॉडल कालोनी निवासी अंजिल चोपड़ा उर्फ ईशू, ईशरपुर निवासी अंकित, बमनौली निवासी विकास कुमार व नालागढ़ निवासी राजकुमार वेश्यावृत्ति का धंधा कर रहे हैं। आरोपियों ने उसकी तीन वर्ष की बेटी को अपने पास जबरन रखा हुआ है और उससे वेश्यावृत्ति करा रहे हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद चारों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया था। पुलिस ने टीम का गठन कर सबसे पहले अंजिल को पकड़ा। उसके बाद आरोपी अंकित के घर पर रेड की गई जहां से बच्ची को सकुशल बरामद किया गया। इसके बाद आरोपी राजकुमार और विकास को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों को अदालत में पेश किया गया, जहां से आरोपी अंजिल व अंकित को दो दिन के रिमांड पर लिया गया। जबकि राजकुमार व विकास को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। पूछताछ में आरोपियों से पता लगाया जाएगा कि इस धंधे में और कौन-कौन शामिल हैं।