संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। विवाद में साथ न देने की रंजिश के चलते 34 वर्षीय युवक की पीटकर हत्या करने के मामले में अपराध शाखा-1 की टीम ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
अपराध शाखा-1 के इंचार्ज राजकुमार के अनुसार 20 अक्तूबर की शाम बैंक कॉलोनी सरन सिंह दशहरे का मेला देखकर घर लौट आया था। कुछ देर बाद वह मसाला लेने की बात कहकर घर से बाहर चला गया। इसी दौरान उसकी आदित्य, शिवम, दीपक, नीरज कुमार और अन्य युवकों के साथ कहासुनी हो गई।
आरोप है कि इसके बाद युवकों ने सरन सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी। उसे जमीन पर गिराकर पीटा गया, जिससे वह बेहोश हो गया। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन मौके पर पहुंचे और उसे अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने चार आरोपी बैंक कॉलोनी निवासी आदित्य, कमला नगर निवासी शिवम उर्फ शिवाय, दीपक कुमार और गोविंदपुरी निवासी नीरज कुमार को काबू किया। पूछताछ में सामने आया कि सरन सिंह के साथ कहासुनी और गाली-गलौज के बाद मारपीट की गई थी। मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि शेष आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द सभी को काबू किया जाएगा।