सरस्वतीनगर में नगर कीर्तन में शामिल होते पूर्व विधायक बलवंत सिंह व अन्य। डीआईपीआरओ
यमुनानगर। गुरु तेग बहादुर के 350वें शहीदी वर्ष के पावन अवसर पर साढौरा से शुरू हुए नगर कीर्तन में शनिवार को सरस्वतीनगर में पूर्व विधायक बलवंत सिंह शामिल हुए। उन्होंने कहा कि नगर कीर्तन यात्रा ऊंचा चांदना, सतगौली, छोटा टोपरा, बड़ा टोपरा, हरनौल, रादौर, खेड़ी लक्खा सिंह, हड़तान सिकंदरा, झींवरहेड़ी में पहुंची। झींवरहेड़ी से रात्रि विश्राम के बाद यह कुरुक्षेत्र के लिए प्रस्थान करेगा। बलवंत सिंह ने बताया कि श्री गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहीदी वर्ष के उपलक्ष्य में प्रदेशभर में चार पवित्र नगर कीर्तन यात्राएं निकाली जा रही हैं, जो हरियाणा के सभी जिलों से गुजरते हुए 24 नवंबर को कुरुक्षेत्र में संपन्न होंगी, जहां सर्वधर्म सम्मेलन का आयोजन होगा। 25 नवंबर को कुरुक्षेत्र में महा समागम का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। इस मौके पर वाइस चेयरमैन ब्लॉक समिति जसविंद्र अमली सहित श्रद्धालु व सिख संगत भारी संख्या में यात्रा में मौजूद रही।