संवाद न्यूज एजेंसी
व्यासपुर। कपालमोचन मेला समापन के बाद अब श्राइन बोर्ड की ओर से सरोवरों और धार्मिक स्थलों पर चढ़ावे की गिनती के लिए श्राइन बोर्ड के कर्मचारियों और अधिकारियों की ड्यूटी 26 नवंबर तक लगाई गई है। दानपात्रों से अमेरिकी डॉलर, वियतनाम की करेंसी, कनाडा, ईरान-इराक के सिक्कों के अलावा अन्य देशों की करेंसी भी निकल रही है।
चार दिनों में मंदिरों में 15 लाख 16 हजार रुपये से अधिक का दान चढ़ चुका था। श्रद्धालुओं ने चांदी के गऊ-बछड़ा भी गुल्लक में चढ़ाए हैं। श्राइन बोर्ड के अनुसार पहले दिन कपालमोचन के मंदिरों में श्रद्धालुओं ने तीन लाख 22 हजार 633 रुपये, दूसरे दिन दो लाख 58 हजार 566 रुपये, तीसरे दिन चार लाख 18,989 व चौथे दिन पांच लाख 18,566 का चढ़ावा आया है।
श्राइन बोर्ड की ओर से चढ़ावे की गिनती का कार्य पूरी सतर्कता और पारदर्शिता से किया जा रहा है। पूरी प्रक्रिया सीसीटीवी कैमरों की निगरानी में करवाई जा रही है, ताकि चढ़ावे की गिनती में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो। हर कर्मचारी को जिम्मेदारी के अनुसार कार्य सौंपा गया है।
कपालमोचन मेले में हर वर्ष पंजाब, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, दिल्ली सहित विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु पहुंचते हैं। इसके अलावा विदेशों से आने वाले श्रद्धालु भी यहां स्थित धार्मिक स्थलों पर माथा टेककर अपनी श्रद्धा के अनुसार चढ़ावा अर्पित करते हैं। यही कारण है कि चढ़ावे में भारतीय मुद्रा के साथ विदेशी करेंसी भी देखने को मिलती है। श्राइन बोर्ड के कर्मचारी चढ़ावा अलग-अलग करके उसकी गिनती करने में जुटे हुए हैं।
श्राइन बोर्ड कार्यालय में चढ़ावे की गिनती करते कर्मचारी। संवाद