संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। स्वास्थ्य विभाग और ड्रग कंट्रोल विभाग की संयुक्त टीम ने वीरवार को मॉडल टाउन स्थित यमुना क्लब के सामने सुरेश पान भंडार पर छापा मारकर बड़ी मात्रा में विदेशी सिगरेट, सिगार और खुले तंबाकू उत्पाद बरामद किए। जांच के दौरान कई उत्पाद ऐसे मिले जिन पर निर्माता कंपनी का नाम तक दर्ज नहीं था।अधिकांश पैकेटों पर नुकसान संबंधी अनिवार्य चेतावनी भी अंकित नहीं थी।
ड्रग कंट्रोल ऑफिसर बिंदू धीमान, स्वास्थ्य विभाग की तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम की नोडल अधिकारी डॉ. बुलबुल कटारिया तथा फूड सेफ्टी ऑफिसर डॉ. अमित के नेतृत्व में टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया। डॉ. बुलबुल ने बताया कि दुकान से बरामद विदेशी सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पाद निर्धारित नियमों का उल्लंघन करते हुए बेचे जा रहे थे।
नियमों के अनुसार सिगरेट और तंबाकू उत्पादों के पैकेट के 80 प्रतिशत हिस्से पर स्वास्थ्य चेतावनी और तंबाकू सेवन से होने वाले नुकसान संबंधी चित्र व जानकारी प्रदर्शित करना अनिवार्य है। लेकिन छापेमारी के दौरान बरामद कई उत्पादों पर ऐसी कोई चेतावनी नहीं मिली। कुछ पैकेटों पर निर्माता या आयातक का विवरण भी दर्ज नहीं था।
स्वास्थ्य विभाग ने मौके से मिले सभी संदिग्ध तंबाकू उत्पादों को जब्त कर लिया है और मामले की शिकायत संबंधित थाना पुलिस को सौंप दी है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार बरामद सामग्री की जांच के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी इसी पान भंडार पर से अवैध तंबाकू उत्पाद बरामद किए जा चुके हैं। इसके बावजूद दोबारा इसी प्रकार का सामान गुपचुप तरीके से बेचे जाने का मामला सामने आया है।