संवाद न्यूज एजेंसी
बिलासपुर। कपालमोचन स्थित प्रजापति कुम्हार धर्मशाला सभा कपालमोचन की ओर से महाराज गुरु दक्ष जयंती समारोह हर्षोल्लास से मनाया गया। मुख्यातिथि पूर्व पार्षद पुष्प लता ने कहा कि सभी को गुरु दक्ष की शिक्षाओं पर चलकर समाजवाद को बढ़ावा देना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शिक्षित, संगठित समाज तरक्की की राह पर अग्रसर हो सकता है। समाज अपने अधिकारों व कर्तव्यों को पहचाने। गांव-गांव जाकर लोगों को जागरूक करें। महिलाओं को बराबरी का अवसर दें। महिलाओं की भागीदारी के बिना कोई समाज आगे नहीं बढ़ सकता है। परिवार में लड़कियों को उच्च शिक्षा प्रदान करें। अपनी ताकत व एकता को प्रदर्शित करने के लिए पूरे समाज को एक होकर आगे आना होगा, तभी परिवर्तन की लहर चल सकती है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता धर्मशाला प्रधान माया राम ने की। प्रजापति कुम्हार धर्मशाला कपाल मोचन के पूर्व प्रधान सतीश कुमार ने कहा कि समाज के लोग लड़का-लड़की में भेद किए बिना उच्च शिक्षा प्रदान करें। उन्होंने युवा वर्ग से कहा कि उच्चशिक्षा ग्रहण करें और समाज में फैली कुरीतियों के प्रति लोगों को जागरूक करें। इस दौरान प्रधान माया राम, रजनीश कुमार, सचिव राम पाल, श्योराम, मामराज, सतीश कुमार, रजनीश कुमार, चेला राम, जय सिंह, प्रवीन, सुरेंद्र कुमार, सोमनाथ, रोशन, कश्मीरी लाल, वीरभान सहित अन्य उपस्थित रहे।