फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Yamuna Nagar News: कोहरे और शीतलहर से बढ़ी ठिठुरन, दृश्यता कम होने से रफ्तार हुई धीमी

Thu, 01 Jan 2026 12:52 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, यमुना नगर
विज्ञापन
सुबह के समय छाई गहरी धुंध के बीच लाइट जलाकर गुजरते वाहन चालक। संवाद
विज्ञापन
यमुनानगर। जिले में मंगलवार रात से छाए घने कोहरे ने वाहन चालकों की मुश्किलें बढ़ा दीं, वहीं बुधवार को दिनभर धूप न निकलने से आमजन को ठंड और ठिठुरन का सामना करना पड़ा। रात करीब नौ बजे से ही कोहरा इतना घना हो गया कि सड़कों पर दृश्यता बेहद कम हो गई। हाईवे हो या शहर की अंदरूनी सड़कें, हर जगह वाहन रेंगते नजर आए। कोहरे के कारण वाहन चालकों को कुछ ही मीटर आगे तक दिखाई दे रहा था। ऐसे में हादसे की आशंका बनी रही। कई स्थानों पर चालक एक-दूसरे के वाहनों की लाइट देखकर आगे बढ़ते रहे। रातभर सड़कों पर वाहनों की गति बेहद धीमी रही। खासतौर पर लंबी दूरी तय करने वाले वाहन चालकों को अधिक परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि चालकों की सतर्कता के चलते जिले में किसी भी बड़े सड़क हादसे की सूचना नहीं मिली, जो राहत की बात रही।
विज्ञापन

सुबह के समय भी कोहरा पूरी तरह नहीं छंटा, जिससे दफ्तर, स्कूल और अन्य कामों से निकलने वाले लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जिले का अधिकतम तापमान 15 डिग्री और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अधिकतम तापमान में करीब दो डिग्री की गिरावट आई है। बादलों की वजह से पूरे दिन धूप नहीं निकल सकी। धूप न मिलने से ठंड का असर और ज्यादा बढ़ गया, जिससे लोगों की दिनचर्या प्रभावित हुई। ठंड से बचने के लिए लोग जगह-जगह अलाव का सहारा लेते दिखे। बस स्टैंड, बाजारों और सार्वजनिक स्थानों पर अलाव के आसपास लोगों की भीड़ लगी रही। धूप न निकलने से खासकर बुजुर्गों और बच्चों को ज्यादा परेशानी हुई। लोग घरों में ही दुबके रहे और अनावश्यक बाहर निकलने से बचते नजर आए।


बाजारों में सन्नाटा, चाय की दुकानों पर भीड़:
सर्द मौसम का असर बाजारों पर भी दिखाई दिया। ठंड की वजह से बाजारों में सन्नाटा पसरा रहा। वहीं ठंड से बचाव के लिए चाय और सूप की दुकानों पर सामान्य दिनों की तुलना में अधिक भीड़ देखी गई। लोग गर्म पेय पदार्थों का सेवन कर खुद को ठंड से राहत देने की कोशिश करते रहे। वहीं, शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 229 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो स्वास्थ्य के लिहाज से चिंताजनक माना जा रहा है। मंगलवार को शहर का एयर क्वालिटी इंडेक्स 238 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया, जो खराब श्रेणी में आता है। विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है।
विज्ञापन
विज्ञापन

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें