संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। एंटी नारकोटिक्स सेल की टीम ने शहर की दुर्गा गार्डन कॉलोनी क्षेत्र से नशा तस्करी के आरोप में पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। बताया जा रहा है कि आरोपी युवक क्षेत्र में नशा तस्करी का धंधा करते थे। पुलिस ने पांचों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया। जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
एंटी नारकोटिक सेल के इंचार्ज अनिल कुमार ने बताया कि टीम को काफी समय से शिकायतें मिल रही थीं कि दुर्गा गार्डन में कुछ लोग युवाओं को नशीले पदार्थ बेच रहे हैं। टीम ने देर रात छापा मारकर पांच आरोपियों को काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित उर्फ लुम्बा, प्रिंस उर्फ बोनी, आशिफ, दीपक उर्फ बिंडा और गौरव उर्फ हन्नी के रूप में हुई है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि 14 फरवरी को एंटी नारकोटिक सेल ने दुर्गा गार्डन निवासी अंकुश उर्फ कुश को 70 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था। पूछताछ में अंकुश ने खुलासा किया था कि वह हेरोइन मोहित उर्फ लुम्बा से लेकर आया था। इसके बाद पुलिस ने मोहित को गिरफ्तार कर सख्ती से पूछताछ की।
पूछताछ में खुलासा हुआ कि मोहित उत्तर प्रदेश से हेरोइन लाकर स्थानीय स्तर पर प्रिंस, आशिफ, दीपक और गौरव को सप्लाई करता था। ये सभी आरोपी दुर्गा गार्डन क्षेत्र में युवाओं को नशीले पदार्थ बेचते थे।