खेलते-खेलते पांच साल का बच्चा गंदे पानी के जोहड़ में गिर गया जिससे बच्चे की डूबने से मौत हो गई। दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद बच्चे के शव को जोहड़ से निकाला जा सका।
गोविंद विहार कॉलोनी में पांच साल का पुंज गली में खेलते-खेलते साथ लगते गंदे पानी के जोहड़ में गिर गया जिससे बच्चे की मौत हो गई। दो घंटे बाद मासूम का शव गोताखोरों ने जोहड़ से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला नागरिक अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया।
विज्ञापन
जानकारी के मुताबिक पुंज शनिवार शाम करीब पांच बजे घर के बाहर गली में खेल रहा था। इसी दौरान वह पास लगते गंदे पानी के जोहड़ की तरफ चला गया। यहां जोहड़ के किनारे मिट्टी पर फिसलकर पुंज सीधे गहरे जोहड़ में चला गया। आसपास बच्चों व पड़ोसियों ने ऐसा होते देख लिया। शोर मचाया तो आसपास लोगों की भीड़ लग गई। घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
पुलिस ने तुरंत गोताखोरों को बुलाया और जोहड़ से पुंज को निकालने की कोशिश की गई। जोहड़ में गोताखोरों बच्चे को ढूंढने में काफी मशक्कत की। बाद में गोताखोर अमर की टीम पहुंची और जोहड़ से पुंज का शव निकाला गया।