भूड़ गांव स्थित वन विभाग के कार्यालय से टैंपो को छुड़ाने के लिए कर्मचारियों पर हमला करने वाले पांचों तस्करों को पुलिस ने गिरफ्तार करने के बाद कोर्ट में पेश किया जहां उसे उन्हें जेल भेज दिया गया। इन पांचों में से तीन आरोपी बाप और दो बेटे हैं तथा अन्य दो आपस में जानकार थे। आरोपियों की पहचान ठेकेदार रामकुमार उसके बेटे गौरव व लक्की तथा अनुज कुमार व राहुल उर्फ रोहित के तौर पर हुई है। आरोपियों ने 13 नवंबर को टोगियों जंगल नजदीक गांव कुटीपुर जमोया के पेड़ काट लिए थे। मौके पर पहुंच कर वन कर्मचारियों ने टैंपो सहित लकड़ी को बरामद कर लिया था।
पुलिस को दी शिकायत में वन रक्षक अमित व विकास ने बताया कि वह टोगियों जंगल नजदीक गांव कुटीपुर के पास गश्त कर रहे थे। इस दौरान कुछ व्यक्ति जंगल की सरकारी लकड़ी काटकर टैंपू में लोड कर रहे थे। टैंपू पर नंबर प्लेट नहीं थी। उन्हें आता देखकर टैंपू चालक ने उसे भगाने की कोशिश की और बाकी सभी लोग जंगल में भाग गए। उन्होंने टैंपू का पीछा कर उसे काबू कर लिया। इसके वह टैंपू व उसके चालक को पकड़कर हैड क्वार्टर भूड़ ले आए। पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना नाम लक्की तथा अपने साथियों का नाम गांव कुटीपुर निवासी रोहित, अजय. अनुज बताया। इस दौरान उनके कार्यालय पर 15 से 20 लोग हाथों में लाठी, डंडे व रॉड लेकर आ गए और उन पर हमला कर दिया। उन्होंने भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद आरोपी उनके कार्यालय से चालान बुक व लकड़ी से भरा टैंपू लेकर फरार हो गए थे।