गंदगी फैलाने वाले ठेके के कारिंदे का चालान करती निगम की टीम। प्रवक्ता
जगाधरी। नगर निगम की टीम ने जगाधरी में खुले में गंदगी डालने वाले दो शराब ठेके के कारिंदों समेत पांच दुकानदारों व प्रतिबंधित पॉलीथिन बेचने पर एक दुकानदार का चालान किया है। निगम की टीम ने दुकानदारों से 3000 रुपये की जुर्माना राशि वसूली और बरामद पॉलिथीन को जब्त कर लिया।
यह कार्रवाई नगर निगम आयुक्त महाबीर प्रसाद के निर्देशों पर मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह के मार्गदर्शन में सफाई निरीक्षक अमित कांबोज की टीम ने की। जोन एक में मुख्य सफाई निरीक्षक हरजीत सिंह व जोन दो में मुख्य सफाई निरीक्षक विनोद बेनीवाल के नेतृत्व में टीमें गठित की गई है। सफाई निरीक्षक अमित कांबोज, सफाई निरीक्षक पंकज कुमार, सचिन कांबोज व होमगार्ड के जवानों की टीम ने जगाधरी के पंसारी बाजार, सावनपुरी, रेलवे बाजार, हनुमान गेट, कुंडी तालाब पार्क व चुन्ना भट्टी रोड पर छापामारी की।
पंसारी बाजार में एक दुकानदार के पास से प्रतिबंधित पॉलिथीन मिली। जिस पर सफाई निरीक्षक अमित कांबोज ने दुकानदार का मौके पर चालान किया और बरामद पॉलिथीन को जब्त किया। इसके बाद रेलवे रोड पर तीन दुकानों के बाहर गंदगी मिली। जांच में पता चला कि दुकानदारों ने ही अपनी दुकानों के बाहर खुले में गंदगी डाली है। निगम की टीम ने तीनों दुकानदारों का चालान किया और मौके की सफाई कराई। संवाद