संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। गांधी नगर थाना क्षेत्र की संजय विहार कॉलोनी में बहू और उसके परिजनों पर घर में घुसकर मारपीट करने, धमकी देने और सीसीटीवी कैमरे तोड़ने का आरोप लगा है। पुलिस ने बहू समेत पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
संजय विहार कॉलोनी निवासी सिंदर कौर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके बेटे अमित कुमार की शादी दिसंबर 2015 में गोविंदपुरी निवासी प्रीति के साथ हुई थी। अमित कुमार फिलहाल यूको बैंक में नौकरी करता है और करीब डेढ़ साल से गुजरात में तैनात है। उन्होंने बताया की करीब दो माह पहले उसकी बहू अपने दोनों बच्चों को लेकर मायके चली गई थी।
आरोप है कि 28 अप्रैल की सुबह करीब साढ़े दस बजे प्रीति अपने भाइयों प्रदीप और गौरव समेत अन्य रिश्तेदारों के साथ उनके घर पहुंची। घर में घुसते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और लगे सीसीटीवी कैमरे तोड़ दिए। विरोध करने पर सिंदर कौर और उसके पति के साथ मारपीट की गई। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने की धमकी दी। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि बहू घर से जेवरात भी साथ ले गई। पुलिस ने विभिन्न धाराओं में केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।