जगाधरी। महर्षि दयानंद सरस्वती की 200 वीं जयंती के उपलक्ष्य में ‘हर घर परिवार सूर्य नमस्कार’ अभियान के तहत राज्यस्तरीय कार्यक्रम सरस्वती विद्या मंदिर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री कंवरपाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। कार्यक्रम का लक्ष्य घर घर तक सूर्य नमस्कार से स्वास्थ्य संवर्धन करना रहा। इसी कड़ी में सोमवार माध्यमिक शिक्षा विभाग एवं एससीईआरटी गुरुग्राम के प्रयास से प्रदेश के 14 हजार विद्यालयों को कार्यक्रम से जोड़ा गया। जिसमें ऑनलाइन माध्यम से पांच लाख से अधिक विद्यार्थियों ने भाग लिया।
इस अवसर पर मंत्री कंवरपाल ने कहा कि महर्षि दयानंद सरस्वती का देश के स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। हरियाणा योग आयोग चेयरमैन डॉ. जयदीप आर्य ने कहा कि हर घर परिवार सूर्य नमस्कार अभियान का शुभारंभ प्रदेश की एक हजार व्यायामशालाओं में आयुष योग सहायकों से किया जा रहा है। यह अभियान प्रदेश के 6500 गांवों में प्रत्येक व्यक्ति तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में हर घर तक सूर्य नमस्कार अभियान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि दो वर्षों में हरियाणा योग आयोग ने पांच विश्व कीर्तिमान स्थापित किए गए हैं। वहीं योग को शिक्षा पाठ्यक्रम का हिस्सा बनाया गया है। एससीईआरटी गुरुग्राम के निदेशक सुनील बजाज ने कहा कि योग बोझ मानकर नहीं अपितु यह मानकर अपनाना है कि हम अपने शरीर, मन एवं बुद्धि को स्वस्थ रख सकें।
हरियाणा योग आयोग के रजिस्ट्रार डॉ. राजकुमार ने कार्यक्रम की आवश्यकता के बारे मेें जानकारी दी। इस दौरान सरस्वती शिक्षण संस्थान की पूरी टीम, राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जगाधरी के विद्यार्थियों ने शिक्षिका अंजू के निर्देशन में भागीदार निभाई। कार्यक्रम का संचालन आयुष विभाग के जिला योग विशेषज्ञ डॉ. शिव कुमार सैनी व सरस्वती विद्या मंदिर की अध्यापिका एकता ने किया। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी धर्मेंद्र चौधरी ने बताया कि जिले के हर घर परिवार सूर्य नमस्कार में ऑनलाइन एक हजार स्कूलों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।