सीआईए एक की टीम ने झपटमारी के आरोप में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में उनसे तीन वारदातों का खुलासा हुआ। आरोपियों को अदालत में पेश किया जाएगा।
सीआईए वन इंचार्ज केवल ने बताया कि पहली घटना इसी वर्ष सात जून की है जिसमें दो बाइक सवार लड़कों ने रात के समय अस्पताल में अपने बच्चे का इलाज कराने आये एक व्यक्ति से सड़क पर मोबाइल फोन छीन लिया था। इसमें मंडोली निवासी आरोपी सरवर उर्फ भट्टी को गिरफ्तार करके छीना हुआ फोन बरामद कर लिया है जिसने यह फोन अपने एक रिश्तेदार से ख़रीदा था जो वारदात में शामिल था।
दूसरी घटना 20 सितंबर की पांसरा फाटक के पास की है। जिसमें एक ट्रैक्टर ड्राइवर जब चाय के खोखे पर अपना ट्रैक्टर खड़ा करके रेलवे लाइन के साइड में बाथरूम करने गया तो चार-पांच लड़कों ने उसे पकड़कर उसका पर्स छीन लिया। जिसमें 10 हजार रुपये थे। इसमें कार्रवाई करते हुउ टीम ने गोपाल एवं ओमकार नाम के दो लड़कों को पकड़ा है। जिनसे 1500 रुपये बरामद किए हैं। अन्य की गिरफ्तारी बकाया है।
तीसरी घटना 21 सितंबर की है। जिसमें भोगपुर के पास प्रवासी मजदूरों से मारपीट करके दो बाइक सवार व्यक्तियों ने उनके दो मोबाइल फोन छीन लिया थे। इस घटना में गांव भोगपुर निवासी पेटू राम व संजीव को गिरफ्तार किया गया है और इनसे वारदात में प्रयोग बाइक और दोनों मोबाइल बरामद किए गए हैं।