संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। 50 लाख की रंगदारी न देने पर शराब ठेकेदार गोलनी निवासी रिंकू राणा के हरनौल स्थित शराब ठेके पर ताबड़तोड़ फायरिंग की गई। ठेकेदार का आरोप है कि यह फायरिंग कुख्यात नोनी राणा ने रंगदारी न देने पर करवाई है। रिंकू राणा से छह अप्रैल को विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर कुख्यात नोनी राणा ने 50 लाख की रंगदारी मांगी थी।
रंगदारी न देने पर गोलियों ने भूनने की धमकी दी थी। सोमवार को ही पुलिस ने 50 लाख की रंगदारी मांगने के आरोप में कुख्यात नोनी राणा पर केस दर्ज किया था। शराब ठेके पर हुई फायरिंग में किसी को गोली नहीं लगी। गोलियां ठेके के शटर में लगी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
गोलनी निवासी रिंकू राणा ने बताया कि उसका शराब का कारोबार है। वह चार पांच साल से इस कारोबार में है। उसके हरनौल व खानपुर सर्कल में शराब ठेके है। तीन साल पहले कुख्यात वीरेंद्र प्रताप उर्फ काला राणा ने उससे शराब ठेके चलाने की एवज पर 20 लाख की रंगदारी मांगी थी। तब उसने रंगदारी देने से मना कर दिया था। इसके बाद कुख्यात काला राणा व उसका भाई कुख्यात नोनी राणा उसे धमकियां दे रहे थे।
दो साल पहले भी उसके ठेके पर फायरिंग की गई थी। अब छह अप्रैल को रिंकू राणा के फोन पर एक विदेशी नंबर से व्हाट्सएप कॉल कर 50 लाख रुपये की रंगदारी मांगी गई। रिंकू राणा का कहना है कि यह रंगदारी नोनी राणा ने मांगी। फोन करने वाले ने भी खुद को नोनी राणा बताया। आरोपी ने उसे धमकी देते हुए कहा कि तुमने न तो शराब ठेकों में हमारा हिस्सा डाला और न ही रुपये भिजवाए।
तेरे तीन साथियों को इस दुनिया से दूर भेज चुके है। अब तेरी व तेरे परिवार का नंबर है। सलामती चाहते हो तो 50 लाख रुपये तीन दिन के अंदर हमारे साथियों को दे आओं। यह सुनने के बाद उसके होश उड़ गए। रिंकू ने बताया कि कॉल करने वाला नोनी राणा ही था। वह उसकी आवाज को अच्छे से पहचानता है।
छप्पर पुलिस ने मामले में सोमवार को नोनी राणा को नामजद किया था। इसके बाद मंगलवार रात लगभग डेढ़ बजे रिंकू के हरनौल स्थित शराब ठेके पर सात से आठ राउंड फायर किए गए। गोलियां शटर में लगी। सूचना मिलने पर छप्पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन की।
तीन साथियों की हो चुकी है हत्या
गोलनी गांव निवासी रिंकू राणा ने तीन साल पहले भी रंगदारी न देने पर नोनी राणा ने उस पर खेड़ी लक्खा सिंह वाले शराब ठेके पर फायरिंग कराई थी। जिसमें उसका पार्टनर अर्जुन राणा, महावीर व सचिन बाल बाल बच गए थे। इस केस में पुलिस ने काला राणा गैंग के सदस्य संदीप उर्फ लौटा व सिकंदर को गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद भी उसे फोन कर कई बार रंगदारी मांगी गई। इसी बीच 26 दिसंबर को खेड़ी लक्खा सिंह में जिम के बाद फायरिंग हुई। जिसमें जिम के बाहर खड़े उसके दोस्त अर्जुन राणा, पंकज मलिक व वीरेंद्र राणा की मौत हो गई। उस दिन वह जिम नहीं गया था, इसलिए वह बच गया था। तब नोनी राणा ने ही इस हत्याकांड की जिम्मेवारी ली थी।
पहले भेजे थे संदेश, फिर व्हाट्सएप कॉल किया
रिंकू राणा ने बताया कि बीते रविवार रात करीब साढ़े दस बजे उसके व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर 351922289423 से दो कॉल आई। लेकिन उसने नहीं उठाई। बाद में उसे पांच संदेश भेजकर फोन उठाने की धमकी दी गई। इसके बाद करीब पौने 11 बजे फिर से उसी नंबर से व्हाट्सएप कॉल आई। फोन करने वाले ने खुद को नोनी राणा बताया। आरोपी ने उसे धमकी देते हुए कहा कि तुमने न तो शराब ठेकों में हमारा हिस्सा डाला और न ही रुपये भिजवाए। सलामती चाहते हो तो 50 लाख रुपये तीन दिन के अंदर हमारे साथियों को दे दे।
लगे है नाके, फिर गोलियां चलाकर भागा बदमाश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 14 अप्रैल को यमुनानगर आ रहे है। हरनौल के जिस शराब ठेके पर फायरिंग हुई, वह प्रधानमंत्री समारोह स्थल से मात्र सात किलोमीटर की दूरी पर है। ऐसे में समारोह स्थल, हर चौक व नेशनल हाईवे पर पुलिस नाके लगे हुए है। प्रधानमंत्री के आगमन से पांच दिन पहले शहर की फायरिंग हो गई। फायरिंग के बाद बदमाश फरार भी हो गए। लेकिन पुलिस नाके लगे होने के बावजूद पुलिस उनका सुराग भी नहीं लगा पाई।
ठेकेदार रिंकू राणा की शिकायत पर ठेके पर फायरिंग के मामले में केस दर्ज कर लिया है। सोमवार को भी कुख्यात नोनी राणा पर रिंकू से रंगदारी मांगने का केस दर्ज किया था। पूर्व में भी इससे रंगदारी मांगी गई थी, तभी से उसे दो पुलिसकर्मियों की सुरक्षा दे रखी है। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है। आरोपियों को पकड़ने को टीमें लगी हुई है। - प्रमोद वालिया, प्रभारी थाना छप्पर।