संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। हरियाणा भवन चंडीगढ़ में 13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते के बावजूद अब तक मांगों से संबंधित आदेश जारी नहीं हुआ है। इससे जिले के फायर कर्मचारियों में नाराजगी बढ़ गई है।
इसी कड़ी शुक्रवार को जगाधरी दमकल केंद्र में नगर पालिका कर्मचारी संघ हरियाणा की शाखा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन की बैठक आयोजित हुई। बैठक में सरकार से जल्द लिखित आदेश जारी करने की मांग करते हुए 21 जुलाई को नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा के साथ आक्रोश रैली निकालने का निर्णय लिया गया।
इसके अलावा सर्व कर्मचारी संघ हरियाणा के आह्वान पर 30 जुलाई को जिला मुख्यालय पर होने वाले प्रदर्शन में भी शामिल होने का फैसला लिया गया। सचिव रिंकू कुमार व शाखा प्रधान विजेंद्र सिंह ने कहा कि सरकार ने 13 मई को हुई वार्ता में फायर कर्मचारियों की कई मांगों पर सहमति जताई थी, लेकिन लगभग दो महीने बाद भी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया।
राज्य महासचिव गुलशन भारद्वाज ने कहा कि आठ अप्रैल से 14 मई तक चली हड़ताल समाप्त कराने के दौरान सरकार ने फरीदाबाद में ड्यूटी के दौरान शहीद हुए दमकल कर्मियों के परिजनों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने, 1181 पे-रोल कर्मचारियों को नियमित कर 25,500 रुपये का वेतनमान, 60 प्रतिशत डीए, जोखिम भत्ता, वर्दी भत्ता तथा अन्य सुविधाएं देने सहित कई मांगों पर सहमति दी थी।
यूनियन नेताओं ने कहा कि यदि पांच अगस्त तक मांगों के लिखित आदेश जारी नहीं हुए तो छह से आठ अगस्त को प्रदेशव्यापी तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। उन्होंने सरकार से पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के आदेशों के अनुरूप कच्चे कर्मचारियों को नियमित करने की भी मांग उठाई। बैठक में कोषाध्यक्ष ललित कुमार, उपप्रधान तेजिंदर सिंह, वीरेंद्र, रविंद्र, हरमिंदर, देसराज, विक्की वालिया, विक्रम, राजीव, अमरीक, विशाल, कवलजीत सिंह, गुरप्रीत सिंह, अभिषेक, शुभम सहित अन्य मौजूद रहे।