संवाद न्यूज एजेंसी
रादौर। नगरपालिका कर्मचारी संघ हरियाणा एवं हरियाणा अग्निशमन विभाग कर्मचारी यूनियन के आह्वान पर नगर पालिका और दमकल कर्मचारियों की हड़ताल मंगलवार को 20वें दिन भी जारी रही। कर्मचारी रादौर अनाज मंडी गेट पर एकत्रित हुए और रोष मार्च करते हुए कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा के आवास पर प्रदर्शन किया।
कर्मचारियों ने मांगों के समर्थन में नारेबाजी करते हुए कृषि मंत्री के नाम उनके बेटे नेपाल राणा को ज्ञापन सौंपा। कर्मचारियों ने मांग की कि विधानसभा के आगामी सत्र में उनकी मांगों को उठाया जाए और 13 मई को सरकार के साथ हुए समझौते को लागू कराया जाए। यदि सरकार समझौते को लागू नहीं करती तो आंदोलन को गली-मोहल्लों तक ले जाकर नुक्कड़ सभाएं की जाएंगी।
इस दौरान सरकार की कर्मचारी, किसान और जनविरोधी नीतियों को जनता के सामने उजागर करने का भी निर्णय लिया गया। पालिका व दमकल कर्मचारियों ने मुंडा माजरा में वाल्मीकि समाज के बीच सभा कर आंदोलन के लिए समर्थन मांगा। कर्मचारियों ने कहा कि सरकार सफाई कर्मचारियों के साथ किए गए समझौते को लागू नहीं कर रही है।
उन्होंने समाज के लोगों से संघर्ष में साथ देने की अपील की। समाज के लोगों ने आश्वासन दिया कि जरूरत पड़ने पर वे कर्मचारियों के साथ संघर्ष में खड़े रहेंगे। अग्निशमन राज्य मुख्य संगठनकर्ता संतोष कुमार, रिटायर्ड कर्मचारी संघ के जिला प्रधान जोत सिंह, सचिव सोमनाथ, ब्लॉक प्रधान अशोक वर्मा, सचिव जरनैल सिंह चिनालिया, किसान सभा के वरिष्ठ नेता प्यारे लाल तंवर और यशपाल ने कहा कि 13 मई को सरकार के साथ 17 मांगों पर सहमति बनी थी।
इनमें पालिका व दमकल कर्मचारियों को पक्का करना, सफाई कर्मचारी और सीवरमैन की नियमित भर्ती, ठेका प्रथा खत्म करना, शहीद दमकल कर्मचारियों के आश्रितों को 50-50 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देना शामिल था। इसके अलावा दमकल व सफाई कर्मचारियों को जोखिम भत्ते के लिए स्थायी नीति बनाने पर भी सहमति बनी थी।
आरोप है कि अब तक इन मांगों को लागू करने संबंधी कोई पत्र जारी नहीं हुआ है। सर्व कर्मचारी संघ के जिला प्रधान महिपाल सौदे, कोषाध्यक्ष रिंकू कुमार, दमकल विभाग से वीरेंद्र धीमान, तेजिंदर सिंह और विनोद कुमार ने बताया कि 26 अगस्त को पालिका व दमकल कर्मचारियों के समर्थन में लघु सचिवालय पर प्रदर्शन किया जाएगा। उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर 13 मई के समझौते को जल्द लागू करने की मांग की जाएगी।
रादौर में मांगों के समर्थन प्रदर्शन करते सफाई व दमकल कर्मचारी। संवाद