संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिवाली पर पटाखे चलाते समय अगर कहीं आग लगने की घटना होती है तो घबराने के बजाय तुरंत दमकल विभाग को सूचना दें। इसके लिए नगर निगम और दमकल विभाग की ओर से फायर कंट्रोल रूम स्थापित कर संपर्क नंबर सार्वजनिक किए गए हैं।
जिला दमकल अधिकारी कपिल कुमार ने बताया कि जिले में आग लगने की घटनाओं पर तुरंत काबू पाने के लिए सात स्थानों पर दमकल की गाड़ियां तैनात की गई हैं। साथ ही कर्मचारियों की 12-12 घंटे की ड्यूटी लगाई गई है, ताकि सूचना मिलते ही राहत कार्य शुरू किया जा सके। उन्होंने कहा कि दिवाली पर लोग घरों और बाजार में आतिशबाजी करते हैं। इस दौरान पटाखों से आग लगने और अन्य दुर्घटनाएं होने की आशंका बनी रहती है।
ऐसे में दमकल विभाग ने पहले से ही सभी जरूरी इंतजाम किए हैं। यमुनानगर जिला दमकल केंद्र के अलावा जगाधरी के गुलाब नगर, छछरौली, व्यासपुर, साढौरा, रादौर और खजूरी रोड पर दमकल की गाड़ियां खड़ी की गई हैं। जिले में कहीं भी आग लगने पर लोग डायल 112 पर फोन कर सूचना दे सकते हैं। इसके अलावा यमुनानगर जोन में आग की घटना होने पर जिला दमकल केंद्र के फोन नंबर 01732-250101 और 01732-256101 पर संपर्क किया जा सकता है। आपातकालीन नंबर 101 और मोबाइल नंबर 9711145663 पर भी सूचना दी जा सकती है।
जिला दमकल अधिकारी ने बताया कि जगाधरी क्षेत्र में आग लगने पर लोग दमकल केंद्र के नंबर 01732-242101 पर फोन कर सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि पटाखे चलाते समय सावधानी बरतें और किसी भी अप्रिय घटना की स्थिति में तुरंत दमकल विभाग को सूचित करें।