संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। दिवाली पर लोगों के घरों में रोशनी बनी रहे और त्योहार के दौरान बिजली व्यवस्था सुचारु रहे, इसके लिए बिजली निगम ने तैयारियां की हैं। निगम की ओर से तकनीकी कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्टों में लगाई गई है, ताकि बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की बाधा आने पर तुरंत समस्या का समाधान किया जा सके।
निगम के अधीक्षण अभियंता सोमवीर ने बताया कर्मचारियों को बिजली संबंधी शिकायत मिलते ही मौके पर पहुंचकर उसे ठीक करने के निर्देश दिए हैं। दिवाली पर अलग से अतिरिक्त कर्मचारियों की ड्यूटी नहीं लगाई गई है, बल्कि पहले से तैनात तकनीकी कर्मचारियों को शिफ्टों में काम करने के निर्देश दिए गए हैं।
कर्मचारी दिन के साथ-साथ जरूरत के अनुसार अलग-अलग शिफ्टों में उपलब्ध रहेंगे। जगाधरी क्षेत्र में बिजली खराब होने या आपूर्ति बाधित होने पर उपभोक्ता हेल्पलाइन नंबर 1912 के अलावा 93156-99787 व 93156-99793 पर शिकायत दर्ज करवा सकते हैं।
मॉडल टाउन क्षेत्र में भी बिजली संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए विभाग का नियमित और आउटसोर्स स्टाफ उपलब्ध रहेगा। अधिकारियों के अनुसार, यहां सुबह से ही कर्मचारी तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी तकनीकी खराबी को जल्द ठीक किया जा सके। इस क्षेत्र के उपभोक्ता बिजली संबंधी शिकायत के लिए 7027974119, 7027974120 और 7027974122 पर संपर्क कर सकते हैं।
निगम अधिकारियों का कहना है कि त्योहार के दौरान बिजली आपूर्ति सामान्य बनाए रखने का प्रयास रहेगा। तकनीकी कर्मचारियों को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसी भी क्षेत्र में बिजली गुल होने पर लोगों को अधिक परेशानी न उठानी पड़े और उनकी दिवाली रोशनी से जगमग रहे।