संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। ईस्ट भाटिया नगर में गद्दे बनाने वाली फैक्ट्री के गोदाम में बुधवार देर रात आग लग गई। सूचना पाकर पहुंचे दमकल कर्मियों ने पांच दमकल गाड़ियों से दो घंटे की मशक्कत के बाद आग बुझाई। आग लगने की वजह आतिशबाजी मानी रही है, जिसकी दमकल विभाग की ओर से जांच की जा रही है।
ईस्ट भाटिया नगर निवासी वीरेंद्र ने बताया कि दो मंजिला गोदाम में फैक्टरी में तैयार गद्दे व अन्य सामान रखा था। बुधवार रात करीब 12 बजे गोदाम के प्रथम तल से धुआं उठता दिखा। कुछ देर में ही पूरे गोदाम में आग की लपटें उठने लगीं। इसका पता लगने पर आसपास के लोग घरों से बाहर आकर गली में इकट्ठे हो गए। इसकी सूचना तुरंत पुलिस व दमकल विभाग को दी गई।
कुछ मिनट में मौके पर पहुंचे दमकल कर्मियों की मदद से भूतल पर रखा सामान बाहर निकाला, किंतु प्रथम तल पर भीषण आग की चपेट में सारा सामान आ गया। दमकल कर्मियों ने पड़ोस के घर के रास्ते गोदाम के प्रथम तल पर आग बुझाने का प्रयास किया। आग अधिक होने से एक गाड़ी से काम नहीं चला। इसके बाद मौके पर एक के बाद चार और दमकल गाड़ियां बुलाई गई।
पांच दमकल गाड़ियों से दो घंटे में दमकल कर्मियों ने आग बुझाई, पर तब तक गोदाम में लाखों रुपये का सामान जल चुका था।आसपास के लोगों ने बताया कि गुरु पर्व व देव दिवाली होने के कारण बुधवार रात काफी आतिशबाजी की गई, इसलिए आशंका है कि कोई आतिशबाजी गोदाम में गिरी, जिससे आग लगी। जिला दमकल अधिकारी पंकज पराशर का कहना है कि सूचना मिलते ही तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाई गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।