संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। नगर निगम के प्रॉपर्टी आईडी सिस्टम में कथित हेरफेर के मामले में तत्कालीन सहायक अभियंता दीपक सुखीजा के खिलाफ शहर यमुनानगर थाना में एफआईआर दर्ज की गई है। यह कार्रवाई एटीपी मृणाल जायसवाल की शिकायत पर की गई। मामला पहले जिला लोक संपर्क एवं कष्ट निवारण समिति की बैठक में भी उठ चुका था, जहां मंत्री अनिल विज ने आरोपी को गिरफ्तार करने के निर्देश दिए थे।
शिकायत के अनुसार सेक्टर-17 निवासी महेंद्र तनेजा ने आरोप लगाया था कि गुलाब नगर स्थित उनके परिवार के 773 वर्ग गज के प्लॉट को नगर निगम के रिकॉर्ड में अनअप्रूव्ड दर्शाया गया, जबकि उसी भूमि के एक हिस्से को अप्रूव्ड दिखाकर जुलाई 2025 में उसकी रजिस्ट्री कर दी गई। शिकायत मिलने के बाद एडीसी नवीन आहुजा ने पूरे मामले की जांच कराई।
जांच में सामने आया कि 20 जुलाई 2025 को अवकाश के दिन सिस्टम में कॉलोनी का नाम आत्मनगर से बदलकर रामनगर व्यासपुर दर्ज किया गया। इसके बाद 501 रुपये का संपत्ति कर जमा कर एनडीसी जारी की गई और उसी आधार पर इकरारनामा कराया गया।
जांच रिपोर्ट में सिस्टम की शक्तियों के दुरुपयोग और रिकॉर्ड में बदलाव की बात सामने आने पर मामले को गंभीर माना गया। जांच रिपोर्ट के आधार पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। अब पुलिस मामले की जांच कर रिकॉर्ड में हुए बदलाव और उसकी प्रक्रिया की पड़ताल करेगी।