संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। जिले में होटलों की चेकिंग के दौरान पुलिस को बड़ी लापरवाही सामने आई है। चार होटलों में विजिटर्स की एंट्री हर समय पोर्टल पर नियमित रूप से दर्ज नहीं की जा रही थी, जो सुरक्षा नियमों का सीधा उल्लंघन है।
इस मामले में संबंधित थाना पुलिस ने चारों होटलों के संचालकों और रिसेप्शनिस्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एसपी कमलदीप गोयल ने बताया कि होटल में ठहरने वाले हर विजिटर की जानकारी ऑनलाइन पोर्टल पर दर्ज की जाए, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस के पास पूरा रिकॉर्ड उपलब्ध रहे। जांच के दौरान कई होटलों में इस नियम की अनदेखी पाई गई। शहर जगाधरी थाना इंचार्ज ने बताया कि बस अड्डा जगाधरी के पास स्थित चरण ब्रदर्स होटल में चेकिंग के दौरान विजिटर रजिस्टर और पोर्टल एंट्री में गड़बड़ी मिली।
इस पर महलावाली निवासी संचालक अंकुश और रिसेप्शनिस्ट वैभव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। वहीं सेक्टर-17 स्थित द हैप्पी लैंड होटल में भी रिकॉर्ड अधूरा पाया गया। यहां संचालक पंकज कांबोज और रिसेप्शनिस्ट अनिकेत के खिलाफ कार्रवाई की गई। वहीं शहर यमुनानगर थाना क्षेत्र में छोटी लाइन स्थित होटल ब्लूबेरी में दस्तावेज अधूरे मिली। इस पर होटल के संचालक शुभम शर्मा व रिसेप्शनिस्ट के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। इसी तरह एमएलएन कॉलेज के पास स्थित पारस होटल ने भी नियमों का उल्लंघन पाया गया।
इस पर होटल के संचालक विपिन कपूर और रिसेप्शनिस्ट के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज की गई है। एसपी गोयल का कहना है कि नियमों की अनदेखी करने वाले होटल संचालकों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। सुरक्षा के साथ किसी तरह समझौता नहीं किया जाएगा।