यमुनानगर में ट्रांसपोर्ट व फाइनेंस कारोबारी हरभजन सिंह उर्फ यदि की गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात उस वक्त हुई जब हरभजन सिंह वर्कआउट के बाद जिम से बाहर निकलकर अपनी कार में बैठ रहे थे। अचानक पहुंचे अज्ञात हमलावरों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी।
सिर पर दागीं कई गोलियां
जानकारी के अनुसार, हमलावरों ने बेहद नजदीक से हरभजन सिंह को निशाना बनाया और उनके सिर पर कई राउंड फायर किए। गोलियों की तड़तड़ाहट से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए। वहीं, गोलीबारी में लहूलुहान हरभजन सिंह ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। सूचना के बाद पुलिस को घटनास्थल से गोलियों के खाली खोल भी बरामद हुए हैं।
जांच में जुटी पुलिस टीमें, खंगाले जा रहे CCTV फुटेज
वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की आला टीमें फॉरेंसिक एक्सपर्ट्स के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हमलावरों की धरपकड़ के लिए इलाके की नाकाबंदी कर दी गई है। आसपास की इमारतों और मुख्य मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि हमलावरों के रूट और पहचान का सुराग मिल सके।