संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। फाइनेंसर हिमांशु सचदेवा पर ब्याज पर दिए 30 हजार रुपये के बदले एक लाख 10 हजार रुपये ऐंठने और सिक्योरिटी के तौर पर दिए चेक को वापस न करने का आरोप लगा है। यह आरोप पीड़ित सोनू शर्मा ने लगाया है। आरोप यह भी है कि किश्त न देने पर आरोपी ने उसे अपने कार्यालय में बंधक बनाकर पीटा और वीडियो बनाया। शहर थाना पुलिस ने आरोपी फाइनेंसर पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सहारनपुर के चिलकाना निवासी सोनू शर्मा ने बताया कि वह चिट्टा मंदिर रोड पर अरविंद लूथरा के मकान में किराए पर रहता है। तीन साल पहले उसने फाइनेंसर हिमांशु सचदेवा से ब्याज पर 30 हजार रुपये लिए थे। एवज में आरोपी ने उससे सिक्योरिटी के रूप में एक चेक भी लिया था। बीच में परिवार सदस्यों के बीमार होने के कारण वह किश्त नहीं दे पाया। इस पर आरोपी ने उन्हीं रुपयों का ब्याज लगाकर उससे 90 हजार रुपये ऐंठ लिए।
एक साल पहले ही आरोपी उसे घर से उठाकर अपने प्यारा चौक के नजदीक कार्यालय में ले गया। वहां आरोपी व उसके साथियों ने उससे मारपीट की और वीडियो बनाया। इस संबंध में उसने आरोपी के खिलाफ सीएम विंडो पर शिकायत दी। इसके बाद उसे चौकी से दो बार फोन आया, लेकिन उस मामले में कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इसी दौरान चिलकाना में उसके दो भाइयों की मौत हो गई। जिसके चलते उसे अपने घर जाना पड़ा। कुछ माह से वह वही रह रहा है। अब तक आरोपी उससे कुल एक लाख 10 हजार रुपये ऐंठ चुका है और उसका चेक भी वापस नहीं कर रहा है। मांगने पर आरोपी उसे जान से मारने की धमकी दे रहा है। पुलिस ने आरोपी हिमांशु सचदेवा के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।