संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापनगर। सेफ सिटी कार्यक्रम के अंतर्गत पुलिस की ओर से राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय प्रतापनगर में अधिकारो, सुरक्षा, साइबर अपराध, नशा मुक्ति और मोबाइल के दुष्प्रभावों को लेकर जागरूकता कार्यक्रम करवाया गया। महिला थाना यमुनानगर की एएसआई नीलम ने छात्राओं को महत्वपूर्ण जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं को मोबाइल के गलत इस्तेमाल, सोशल मीडिया के दुष्प्रभाव और साइबर सुरक्षा के प्रति सचेत किया। उन्होंने कहा कि तकनीक का सदुपयोग जीवन को बेहतर बना सकता है, लेकिन इसका गलत इस्तेमाल नुकसानदायक हो सकता है। उन्होंने छात्राओं से नशे से दूर रहने और किसी भी गलत गतिविधि में शामिल न होने का आह्वान किया।
उन्होंने एक छोटे से गांव से एएसआई के पद तक पहुंचने के अपने संघर्ष की कहानी साझा करते हुए छात्राओं को मेहनत, आत्मविश्वास और लक्ष्य के प्रति समर्पण के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि छात्राएं मोबाइल के चक्रव्यूह से निकलकर शिक्षा और अपने भविष्य पर ध्यान दें।
नीलम ने कहा कि यदि कोई उन्हें परेशान, नुकसान पहुंचाने या ब्लैकमेल करने का प्रयास करे तो बिना डरे तुरंत पुलिस को सूचना दें। उन्होंने छात्राओं को अपना मोबाइल नंबर भी उपलब्ध करवाया। कार्यक्रम का संचालन गणित प्राध्यापक दीपक कुमार ने किया। प्राचार्य तेजपाल वालिया ने एएसआई नीलम और मनदीप कुमार को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया। इस दौरान सुमेर सिंह, नीलम शर्मा, रेनू बाला, ममता वालिया, राजवती, रश्मि रानी, आभा सैनी, रविंद्र कौर, नीलम रानी, विक्रम सिंह, नरेंद्र कुमार, सुनील कुमार उपस्थित रहे।