संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। शिक्षा विभाग की वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं का शेड्यूल जारी कर दिया गया है। शेड्यूल के अनुसार राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं प्रदेश के अलग-अलग जिलों को जिम्मेदारी दी गई है। इसका चयन निदेशालय की ओर से ही किया गया है। इसके तहत हर जिले को दो से तीन खेल करवाने की जिम्मेदारी मिली है।
यमुनानगर को तीन खेल प्रतियोगिताएं करवाने की जिम्मेदारी दी गई है। जिले को इस बार योग, भारोत्तोलन और लॉन टेनिस की प्रतियोगिता की मेजबानी मिली है। यह प्रतियोगिता 24 से 26 सितंबर तक करवाई जाएंगी। प्रतियोगिता में प्रदेश के सभी 22 जिलों के खिलाड़ी भाग लेंगे।
तीनों प्रतियोगिताएं तेजली खेल परिसर में करवाई जा रही हैं। शिक्षा विभाग की ओर से प्रतियोगिताओं की तैयारियां शुरू कर दी गई है। प्रतियोगिता में प्रदेशभर से खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खिलाड़ियों के ठहरने और खान-पान की व्यवस्था भी विभाग की ओर से की जाएगी। जिलास्तर पर खिलाड़ियों के ठहरने की व्यवस्था विभिन्न स्कूलों में की जा रही है।
वहीं, खान-पान और स्कूल से खेल परिसर तक आने-जाने के लिए खिलाड़ियों को स्कूल स्तर पर खर्च दिया जाएगा। विभाग की योजना के अनुसार पहले प्रतियोगिता सितंबर के शुरुआती दिनों में करवाई जानी थी, लेकिन मौसम के कारण इसकी तिथि 24 से 26 सितंबर की गई है। कुछ खेलों की प्रतियोगिता अन्य जिलों में शुरू हो चुकी हैं। लेकिन बारिश के कारण बाधा पड़ गई है।
शिक्षा विभाग के जिला खेल अधिकारी डाॅ. गोपाल सिंह ने बताया कि इस बार जिले में योगा, भारोत्तोलन और लॉन टेनिस की राज्यस्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। तीनों प्रतियोगिताएं तेजली खेल परिसर में करवाई जानी हैं। विभाग ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं।