संवाद न्यूज एजेंसी
यमुनानगर। शिव दयालपुरी-बी स्थित आईटीआई में तीज उत्सव धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम में छात्राओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और हरियाणवी संस्कृति से जुड़े गीत, नृत्य एवं अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समां बांध दिया। तीज उत्सव के दौरान छात्राओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर कार्यक्रम में भाग लिया।
उत्सव में सावन और तीज पर्व की पारंपरिक झलक देखने को मिली। छात्राओं ने एक-दूसरे को तीज की शुभकामनाएं दीं और उत्सव का आनंद लिया। कार्यक्रम के दौरान झूले, लोकगीत और सांस्कृतिक गतिविधियां आकर्षण का केंद्र रहीं। उत्सव में संतोष, नेहा, सोनिया, रंजिता, राज कौर, सिमरन, रेखा, युवांशी, पलविंदर, जसप्रीत और दीक्षा सहित अन्य छात्राओं ने भाग लिया।
छात्राओं ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी लोक संस्कृति और परंपराओं से जोड़ने का बेहतर माध्यम हैं। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय संस्कृति और तीज पर्व की परंपराओं से परिचित कराना तथा आपसी भाईचारे एवं खुशी का माहौल बनाना रहा। उत्सव के समापन पर सभी ने एक-दूसरे को तीज की बधाई दी।