संवाद न्यूज एजेंसी
जगाधरी। इस बार दिवाली ही नहीं छठ पूजा पर भी गर्मी रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने इस बार दिवाली पर अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान दिया है, जो अन्य साल की अपेक्षा अधिक है। इस दिन अमूमन 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक तापमान रहता है। इस बार यह 30 के पार पहुंच रहा है। ऐसे में दिवाली पर मौसम खुश्क रहेगा। हालांकि सुबह और शाम को ठंड का अहसास हो रहा है।
इस बार दिवाली पर अधिकतम तापमान 31 तो न्यूनतम तापमान 19 से 20 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। मौसम साफ व सर्दी न होने से दुकानदारों में काफी उत्साह है। वहीं, दूसरी तरफ इससे किसानों ने भी राहत ली है। चूंकि यह दिन किसानों के लिए बेहद महत्वपूर्ण हैं।
सभी की निगाहें मौसम के मिजाज पर टिकी हैं। राहत यह बात कि दिवाली तक मौसम का मिजाज खुश्क रह सकता है। जिले में करीब धान की 60 से 65 प्रतिशत कटाई हो चुकी है और इस सप्ताह तक 80 प्रतिशत होने की संभावना है। किसान दिवाली से पहले अपना काम निपटाने के लिए लगे हुए हैं। इस दौरान अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
शुक्रवार को भी मौसम गर्म रहा। सुबह लोगों ने गुनगुनी धूप का आनंद लिया, लेकिन बाद सुबह 11 बजे के बाद गर्मी होने लगी। इस दौरान अधिकतम 31.2 और न्यूनतम तापमान 19.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
चौधरी चरण सिंह हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के कृषि मौसम विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. मदन ने बताया कि इस बार दिवाली पर अन्य वर्षों की अपेक्षा 8 से 10 डिग्री सेल्सियस तापमान अधिक है। प्रदेश में 22 अक्तूबर तक मौसम खुश्क रहेगा और दिन में गर्मी रहेगी। इस दौरान मौसम बिल्कुल साफ रहेगा और दिन में अच्छी धूप खिलेगी। इससे दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी होगी।
इस बीच उत्तर व उत्तर पश्चिमी हवा चलने से रात को तापमान में कमी आ सकती है, परंतु ठंड नहीं होगी। इस दौरान अधिकतम 29 से 31 डिग्री व न्यूनतम 18 से 20 डिग्री सेल्सियस तापमान रहने की संभावना है। वहीं, सामान्य रोग चिकित्सक डॉ. सौरभ गर्ग ने कहा कि मौसम गर्म सर्द वाला है, ऐसे में बच्चों व बुजुर्गों का ध्यान रखें। देर रात हल्के गर्म कपड़े पहनकर बाहर निकलें।