संवाद न्यूज एजेंसी
जठलाना। गांव नाहरपुर में 21 वर्षीय युवती की हत्या के मामले में आरोपी पिता को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। कोर्ट में पेश करने के बाद रिमांड पर लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।
जठलाना थाना प्रभारी संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी पिता ने स्वीकार किया है कि उसने ही गला घोटकर अपनी बेटी को मारा है, क्योंकि वह परिवार के लोगों की बात नहीं मान रही थी। पुलिस के अनुसार, जल्द ही मामले में आरोपी ताऊ को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इससे पहले हरिनगर निवासी जंग बहादुर ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उसकी बहन की शादी करीब 22 साल पहले नाहरपुर निवासी विजय कुमार के साथ हुई थी, जिसके तीन बच्चे हैं। सबसे बड़ी लड़की शहर के एक निजी कॉलेज में पढ़ रही थी। उसका 4-5 वर्ष से किसी लड़के के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था और वह उस लड़के से शादी करना चाहती थी। परिजनों के समझाने पर भी वह शादी की जिद पर अड़ी थी।
इस पर विजय ने उससे कहा था कि अगर वह अपनी हरकतों से बाज नहीं आई तो एक दिन वह उसे मार देगा। आरोप है कि उसके विजय का भाई सुशील कुमार उर्फ बिट्टू भी उसके जीजा को बेटी के खिलाफ भड़काता था और कहता था कि इस लड़की ने बिरादरी में उनकी नाक कटवा दी है। इसके बाद दोनों ने रविवार को युवती की हत्या कर दी। सूचना मिलते ही वह अपने बेटों के साथ नाहरपुर पहुंचे तो देखा कि उसकी भांजी मृत पड़ी है और उसके नाक, मुंह व आंख के नीचे व गले पर चोट के निशान हैं। शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस ने आरोपी पिता विजय कुमार को गिरफ्तार कर लिया, जबकि ताऊ सुशील कुमार उर्फ बिट्टू की तलाश की जा रही है।