संवाद न्यूज एजेंसी
साढौरा। कुछ दिन पहले मिल्क माजरा टोल प्लाजा के पास साढ़े आठ लाख रुपये नकली नोटों के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया गया था। वहीं, अब साढौरा पुलिस ने डेहा बस्ती के पास कार्रवाई करते हुए दो युवकों के पास से 4600 के नकली नोट बरामद किए हैं। आरोपियों की पहचान भंभौली निवासी रूबी उर्फ रवि और जठलाना निवासी राकेश के रूप में हुई है।
साढौरा पुलिस थाने में तैनात ईएसआई मोहन लाल ने बताया कि वह एसपीओ समिंदर सिंह के साथ डायल 112 की गाड़ी में कोटला चौक के पास गश्त कर रहा था। तभी उन्हें सूचना मिली कि बाइक सवार दो युवक डेहा बस्ती के पास नकली नोटों को चलाने की फिराक में घूम रहे हैं। इस पर पुलिस वहां पहुंची तो दोनों युवक भागने लगे। शक होने पर पुलिस ने पीछा कर दोनों को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर रुबी के पैंट की एक जेब से 500 के चार नोट बरामद हुए, जबकि दूसरी जेब से 200 के पांच नोट बरामद हुए। इन सभी नोटों पर एक ही नंबर लिखा हुआ पाया गया। दूसरे युवक राकेश की तलाशी लेने पर उसकी जेब से 200 के आठ नकली नोट बरामद हुए।
साढौरा थाना प्रभारी धर्मपाल ने बताया कि दोनों आरोपियों के विरुद्ध केस दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया गया है। रिमांड में दोनों से पूछताछ में पता लगाया जाएगा कि यह नकली नोट वह कहां से लाए थे।
पुलिस के अनुसार, नकली करेंसी के मामले में ही रूबी के विरुद्ध सिटी जगाधरी थाने में कई केस दर्ज हैं। एक केस में सजा होने के कारण वह जेल में था, लेकिन पैरोल पर आने के बाद वह फिर से नकली करेंसी के मामले में पकड़ा गया है।